दुखद: आल्टो कार के गहरी खाई में गिरने से चालक की मौत
राजेन्द्र शिवाली
कोटद्वार। जनपद पौड़ी के थाना लैंसडाउन के अंतर्गत लैंसडाउन-जयहरीखाल मोटर मार्ग पर बीती शाम एक ऑल्टो कार के अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर जाने से कार चालक की मौत हो गई। लैंसडाउन कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मौ. अकरम के अनुसार ग्राम लिंगवाना निवासी हरेंद्र सिंह असवाल पुत्र मेहरबान सिंह असवाल बीती शाम ऑल्टो कार द्वारा अपनी पत्नी किरण असवाल के साथ जयहरीखाल से लैंसडौन आ रहे थे। इसी दौरान झारपानी के समीप कार अनियंत्रित होकर लगभग 300 फिट गहरी खाई में गिर गई। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मौ. अकरम ने बताया कि ग्रामीणों और पुलिस की मदद से रेस्क्यू कर दोनों को लैंसडौन कैंट अस्पताल में भर्ती कराया गया। उपचार के दौरान हरेंद्र सिंह असवाल की मौत हो गई। हादसे में उनकी पत्नी किरन असवाल को मामूली चोटें आई हैं। पुलिस ने मृतक का पंचनामा भर शव को पोस्टमार्टम के लिए कोटद्वार स्थित चिकित्सालय में भिजवाया।

