कांग्रेस ने की घनसाली को केदानाथ की तर्ज पर विशेष पैकेज दिए जाने की मांग
नई टिहरी। जनपद के घनसाली क्षेत्र में आई आपदा को लेकर कांग्रेसियों ने कहा कि आपदा में दी जाने वाली राहत राशि के मानकों को बदलने की जरूरत है। वर्तमान में आपदा प्रभावितों को दी जानी वाली राहत राशि नाकाफी है। कहा कि पूरे घनसाली क्षेत्र को आपदाग्रस्त घोषित कर यहां के लिए केदारनाथ की तर्ज पर आपदा के लिए विशेष पैकेज दिया।जिला मुख्यालय के कांग्रेस कार्यालय में प्रदेश सचिव विजय सिंह गुनसोला, प्रदेश प्रवक्ता शांति प्रसाद भट्ट और शहर कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह पंवार ने संयुक्त रूप से पत्रकार वार्ता की। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस के निर्देश पर उन्होंने घनसाली के सभी आपदा प्रभावित क्षेत्रों को दौरा कर रिपोर्ट प्रदेश कांग्रेस को दे दी है। घनसाली क्षेत्र में लगातार आपदाएं आ रही हैं। आपदा के पिछले रिकार्ड को देखते हुए घनसाली को आपदाग्रस्त क्षेत्र घोषित किया जाना चाहिए। आपदा प्रभावित गावों के विस्थापन का सरकार भरोसा तो देती है, लेकिन विस्थापन नहीं किया जाता है। आपदाग्रस्त जखन्याली के ग्रामीणों को पूर्व में विस्थापन का भरोसा देकर भुला दिया गया। दोबारा आपदा आने से यहां पर फिर से विस्थापन की मांग उठ रही है।

