बड़ी खबर: रास्ता भटक जाने से भारत पहुंच गईं दो नाबालिग नेपाली लड़कियां
उत्तराखंड पुलिस ने दोनों को किया नेपाल पुलिस के सुपुर्द
चम्पावत। नेपाल से भटक कर भारत पहुंचीं दो नाबालिगों को पुलिस ने ’नेपाल थ्री-एंजिल्स संस्था व गड्ढा चौकी नेपाल पुलिस की सुपुर्दगी में दे दिया है। पुलिस के इस कार्य की स्थानीय लोगों द्वारा भूरी-भूरी प्रशंसा की गयी है।
जानकारी के अनुसार, बीते रोज थाना बनबसा पुलिस को सूचना मिल कि 2 नाबालिग लड़कियां काफी समय से शारदा बैराज के आसपास घूम रही हैं जो काफी परेशान नजर आ रही हैं। सूचना पर कार्यवाही करते हुए पुलिस ने चैकी शारदा बैराज में लगे सीसीटीवी कैमरे चैक किए गए तो दोनो लड़कियां चौकी क्षेत्र में घूमती हुई नजर आईं, जिन्हें शारदा चौकी पुलिस द्वारा सकुशल बरामद कर चौकी शारदा बैराज लाया गया। दोनों बालिकाओं से पूछताछ करने पर उनके द्वारा बताया गया कि वह नेपाल राष्ट्र के बॉर्डर क्षेत्र गांव चांदनी दुधारा की रहने वाली हैं। दोनों की उम्र लगभग 15 वर्ष के आसपास है। आज गलती से पहली बार भारत राष्ट्र में आ गई थीं और रास्ता भूल गईं थी। इस पर चौकी शारदा बैराज पुलिस द्वारा उक्त दोनों बालिकाओं को सकुशल घर उनके घर पहुंचाये जाने हेतु नेपाल राष्ट्र में सक्रिय संस्था थ्री-एंजिल्स से एवं गड्ढा चौकी नेपाल पुलिस से संपर्क किया गया। कुछ समय बाद उक्त संस्था के सदस्य व नेपाल पुलिस के द्वारा चौकी शारदा बैराज आने पर दोनों नाबालिग बालिकाओं को पूर्ण तस्दीक के उपरान्त ’नेपाल थ्री-एंजिल्स संस्था व गड्ढा चौकी नेपाल पुलिस के सुपुर्द किया गया है।

