बड़ी खबर: यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के परिजनों को धमकी, मुकदमा दर्ज़

बड़ी खबर: यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के परिजनों को धमकी, मुकदमा दर्ज़
Spread the love

 

राजेन्द्र शिवाली
कोटद्वार। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के भाई शैलेश बिष्ट से फोन पर बात कर अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए गाली गलौच करने और उनके परिजनों को जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। इस हाई प्रोफाइल मामले में एक जिला पंचायत सदस्य को नामजद किया गया है। आरोपी को कांग्रेस से जुड़ा बताया जारहा है।

योगी आदित्यनाथ: सीएम, यूपी

पीड़ित शैलेश बिष्ट ने इस मामले में पुलिस कोतवाली कोटद्वार में लिखित तहरीर दी है। पुलिस ने मुख्यमंत्री योगी के भाई शैलेश बिष्ट की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। यमकेश्वर विकासखंड के ग्राम पंचूर (यमकेश्वर) हाल- कोटद्वार निवासी शैलेश बिष्ट ने मामले में गत 11 जुलाई को कोतवाली पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि वह आर्मी में हैं और वर्तमान में कोटद्वार में उनकी तैनाती है। उन्होंने बताया कि जिला पंचायत सदस्य क्रांति कपरुवाण ने उनके परिवार के खिलाफ गत 16 जून को फेसबुक पर एक पोस्ट अपलोड की। उसका विरोध करते हुए उन्होंने जब आरोपी नेता को फोन कर पोस्ट हटाने के लिए कहा तो उसने फोन पर ही गाली-गलौज करते हुए अभद्र भाषा का प्रयोग किया। घटना के 25 दिन बाद आरोपी ने उन्हें फिर कॉल कर उनके परिवार वालों को फिर से गाली दी और जान से मारने की धमकी दी। इस दौरान आरोपी ने उन्हें भी मारने की धमकी दी। उन्होंने बताया कि आरोपी नीलकंठ इलाके में पहले भी इस प्रकार की हरकतें कर चुका है। उन्होंने कहा कि उनके पास आरोपी की रिकॉर्डिंग भी है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मणिभूषण श्रीवास्तव ने बताया कि शैलेश बिष्ट की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

Parvatanchal