विवाद: महाराणा प्रताप का अपमान, प्रतिमा के अनावरण पर आपस में भिड़े भाजपा कार्यकर्ता

विवाद: महाराणा प्रताप का अपमान, प्रतिमा के अनावरण पर आपस में भिड़े भाजपा कार्यकर्ता
Spread the love

 

संवाददाता
रुड़की, 05 सितंबर। यहां गंग नहर पर गणेशपुर पुल के समीप स्थापित की गई महाराणा प्रताप की प्रतिमा के अनावरण के दौरान भाजपा के एक नामित पार्षद ने काफी हंगामा किया। कार्यक्रम के दौरान झबरेड़ा विधायक देशराज कर्णवाल के समर्थक, नामित पार्षद सतीश शर्मा और उनके समर्थकों ने कार्यक्रम में पहुंच कर हंगामा शुरू कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि शिलापट से झबरेड़ा विधायक का नाम हटाया गया है। इस दौरान महापौर गौरव गोयल पर भी गंभीर आरोप लगाए।
हालांकि, मौके पर मौजूद कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीस्वरानंद ने उन्हें समझाने की कोशिश की, लेकिन सतीश शर्मा नहीं माने और हंगामा करते रहे। इस दौरान उनकी भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. जयपाल सिंह चौहान से भी नोकझोंक हो गई। काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही। पार्षद सतीश शर्मा ने कहा कि वह है झबरेड़ा विधायक के सम्मान में किसी भी हद तक जा सकते हैं, जो बात गलत है उसका विरोध किया जाएगा। लोगों में इस बात को लेकर भारी रोष है कि पार्षद सतीश शर्मा ने बेवजह विवाद कर महाराणा प्रताप जैसे महापुरुष का अपमान किया। उनका कहना है कि शर्मा के लिए महाराणा प्रताप से ज्यादा सम्मान विधायक का है, जिनके नाम के लिए उन्होंने कार्यक्रम में व्यवधान पैदा करने की कोशिश की। इस मौके पर नगर विधायक प्रदीप बत्रा, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता मयंक गुप्ता, जिला अध्यक्ष जय पाल सिंह चौहान, महापौर गौरव गोयल आदि मौजूद रहे।

Parvatanchal