शिकंजा: गैंगरेप के दो फ़रार आरोपी गिरफ्तार, फेसबुक पर दोस्ती कर फंसाया था पीड़िता को
हरिद्वार। गैंगरेप मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को पुलिस ने मात्र 36 घंटों में ही गिरफ्तार कर लिया है, जिन्हें न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, नैनबाग (टिहरी गढ़वाल) निवासी एक युवती से दुष्कर्म मामले में थाना कोतवाली में बीती 30 मई को मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गयी थी। गैंगरेप के आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस टीम को बीती शाम सूचना मिली कि दोनों आरोपी रोडवेज बस स्टैंड के निकासी गेट के समीप देखे गये हैं। इस पर पुलिस ने त्वरित कार्यवाही कर उन्हें बताये गये स्थान से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी दीपक व मनीष कुमार निवासी सम्भल उत्तर प्रदेश से पूछताछ और विवेचना में पाया गया कि पीड़िता का आरोपित दीपक के साथ फेसबुक के माध्यम से परिचय हुआ। इसी दौरान पीड़िता और आरोपी दीपक की मुलाकात देहरादून में हुई, जहां पर दीपक ने पीड़िता का वीडियो बना लिया और विगत 24 मई को पीड़िता को हरिद्वार बुलाकर एक होटल में पीड़िता से ब्लैकमेल करते हुए गैंगरेप किया गया। आरोपी ने होटल में फिर से वीडियो बनाया और पैसों की मांग करते हुए लगातार पीड़िता को धमकी दे रहा था। बहरहाल पुलिस ने उन्हें न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

