सबक: ग्रामीण से रिश्वत ले रहा था वन दरोगा, विजिलेंस की टीम ने धर दबोचा रंगे हाथ
पौड़ी। विजिलेंस की टीम ने 15 हजार रिश्वत लेने के मामले में आरोपी वन दरोगा को गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि वन दरोगा हंसराज पंत ने विभागीय योजनाओं में अनुदान पास करवाने के लिए गरीब ग्रामीण से 15 हजार रुपए की रिश्वत मांगी थी। जिसकी शिकायत ग्रामीण ने विभाग के टोल फ्री नंबर 1064 पर दर्ज कराई थी। मामला बीते मार्च का है। जानकारी के मुताबिक चाकीसैंण सेक्शन के पाबौ रेंज के अंतर्गत वन पंचायत पाबौ में मार्च में एक सभा हुई थी। जिसमें वन पंचायत के तहत आर्थिक रूप से कमजोर ग्रामीणों को आर्थिकी मजबूत करने के लिए मुर्गी व बकरी पालन योजना की जानकारी दी गई थी। इस योजना के लिए कर्मचारियों ने ग्रामीणों को विभागीय अनुदान की जानकारी भी दी। इस योजना का लाभ लेने के लिए एक ग्रामीण ने वन विभाग से बकरी पालन के लिए आवेदन किया था। इसी सिलसिले में ग्रामीण जब वन दरोगा हंसराज पंत से मिला तो पंत ने रिश्वत के तौर पर 15 हजार रुपए मिलने के बाद ही अनुदान पास करवाने की बात कही। शिकायत मिलने पर विजीलेंस विभाग ने जाल बिछा कर वन दरोगा हंसराज पंत को रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ पड़ कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।

