तैयारियां : ओलंपिक से पहले शिविर में अपनी कमियां दूर करेगी हॉकी टीम

तैयारियां : ओलंपिक से पहले शिविर में अपनी कमियां दूर करेगी हॉकी टीम
Spread the love

 

नई दिल्ली । पेरिस ओलंपिक से पहले अपनी कमियों को दूर करने के लिए हॉकी इंडिया ने रविवार को पुरुष राष्ट्रीय कोचिंग शिविर के लिए 28 सदस्यीय कोर संभावित ग्रुप की घोषणा की है। शिविर बेंगलुरु के साई केंद्र में रविवार से शुरू होकर 13 मई तक चलेगा। हरमनप्रीत सिंह की अगुआई वाली टीम को ऑस्ट्रेलिया दौरे में पांच टेस्ट मैचों की सीरीज में 0-5 हार मिली थी। उसके बाद यह यह पहला शिविर है।
शिविर के बाद टीम एफआईएच प्रो लीग के अपने अगले दो चरण के लिए बेल्जियम और लंदन की यात्रा करेगी जो 22 मई से नौ जून तक होगी। इसमें उसका सामना अर्जेंटीना, बेल्जियम, जर्मनी और ब्रिटेन से होगा। मुख्य कोच क्रेग फुल्टोन ने कहा, हम शिविर में ट्रेनिंग का महत्वपूर्ण चरण शुरू करना चाहते हैं। हमें सुनिश्चित करने की जरूरत है कि ओलंपिक से पहले हम सर्वश्रेष्ठ फॉर्म में हों। हमारे पास कुछ युवा खिलाड़ियों के साथ अनुभवी खिलाड़ियों का अच्छा ग्रुप है। ऑस्ट्रेलिया दौरे से हमें यह समझने में मदद मिली कि हमें कहां काम करने की जरूरत है। मेरा हमेशा मानना है कि हम अपनी कमियों पर काम कर सकते हैं। प्रो लीग के अंतिम चरण और पेरिस से पहले चीजों को ठीक करने की कोशिश कर सकते हैं।
संभावित कोर ग्रुप : गोलकीपर : कृष्ण बहादुर पाठक, पीआर श्रीजेश, सूरज करकेरा। डिफेंडर : हरमनप्रीत सिंह, जरमनप्रीत सिंह, अमित रोहिदास, जुगराज सिंह, संजय, सुमित, अमीर अली। मिडफील्डर : मनप्रीत सिंह, हार्दिक सिंह, विवेक सागर प्रसाद, रबीचंद्र सिंह मोइरंगथेम, शमशेर सिंह, नीलकंठ शर्मा, राजकुमार पाल, विष्णुकांत सिंह। फॉरवर्ड : आकाशदीप सिंह, मनदीप सिंह, ललित कुमार उपाध्याय, अभिषेक, दिलप्रीत सिंह, सुखजीत सिंह, गुरजंत सिंह, मोहम्मद राहील मौसीन, बॉबी सिंह धामी, अरजीत सिंह हुंदल।

Parvatanchal