जायज़ा: डीएम डॉ मेहरबान सिंह बिष्ट ने किया पोलिंग बूथों का मुआयना, सड़कों को दुरुस्त करने के दिए निर्देश
छात्रों से की मतदाताओं को मतदान हेतु जागरूक करने की अपील
उत्तरकाशी। लोकसभा चुनाव को लेकर जिलाधिकारी डॉ. मेहरबान सिंह बिष्ट ने जिले की यमुना घाटी स्थित पुरोला व मोरी के पोलिंग बूथों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों की बैठक ली और चुनाव संपन्न होने से पूर्व पीएमजीएसवाई व लोक निर्माण विभाग को सड़कों को ठीक करने की हिदायत दी। शनिवार को पुरोला में मतदान स्थलों का निरीक्षण करते जिलाधिकारी ने बताया कि लोकसभा चुनाव की तैयारी अब अंतिम चरण में है। मतदान स्थलों पर निरीक्षण कर उनमें बिजली,पानी, शौचालय, सड़क आदि व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। सभी सभी बूथों पर व्यवस्थाएं मानकों के अनुरूप पाई गई। कहा कि लोक सभा चुनाव के लिए जिले में पी -3 श्रेणी के 11 पोलिंग बूथ बनाये गए हैं। पोलिंग बूथों में मतदान पार्टियां मतदान से तीन दिन पहले रवाना होगी। उन्होंने भ्रमण के दौरान राइंका मोरी,नेटवाड व सांकरी में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम को लेकर छात्रों से संवाद व प्रतिज्ञा करवाई साथ ही शतप्रतिशत मतदान को लेकर छात्रों से अभिवावको व ग्रामीणों को जागरूक करने की अपील की।

