कांग्रेस: पत्रकार आशुतोष नेगी की गिरफ्तारी को लेकर सरकार पर बरसे प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा

कांग्रेस: पत्रकार आशुतोष नेगी की गिरफ्तारी को लेकर सरकार पर बरसे प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा
Spread the love

 

गिरफ्तारी को बताया आम आदमी की आवाज को दबाने की कोशिश

देहरादून। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री करन माहरा ने स्वतंत्र पत्रकार तथा ‘जागो उत्तराखंड’ के सम्पादक आशुतोष नेगी की गिरफ्तारी की कड़े शब्दों में निन्दा करते हुए इस कार्रवाई को पुलिस के माध्यम से आम आदमी की आवाज दबाने की कोशिश बताया है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा ने भाजपा सरकार के इशारे पर वरिष्ठ पत्रकार आशुतोष नेगी की गिरफ्तारी पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा सरकार सत्ता और पुलिस के बल पर अपनी पार्टी के नेताओं के गुनाहों पर पर्दा डालने तथा आम जन की आवाज दबाने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की बेटी अंकिता भंडारी की हत्या में भाजपा नेता के पुत्र की संलिप्तता जग जाहिर है परन्तु भाजपा शासन में उन्हें सजा दिलाने की बजाय, जो लोग पीड़िता के समर्थन में आवाज उठा रहे हैं, उन्हें ही धममियां मिल रही हैं। ये कैसा न्याय है?
करन माहरा ने कहा कि जिन प्रदेशों में भाजपा की सरकारें हैं वहां महिलाओं पर अत्याचार बढ़ते जा रहे हैं। भाजपा सरकारों ने हमेशा दोषियों को बचाने का काम किया है। इससे भाजपा का महिलाओं के प्रति सम्मान एवं गिरगिटी चरित्र भी सबके सामने आ चुका है। उन्होंने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड में शामिल वीआईपी का नाम उजागर करने से भी भाजपा बचती रही है और एक प्रायोजित तरीके से पत्रकार आशुतोष नेगी को लगातार धमकी मिलने पर जब उनके द्वारा इसकी शिकायत की गई तो उन्हें सुरक्षा देने की बजाय भाजपा सरकार के इशारे पर पुलिस द्वारा नेगी की गिरफ्तारी किया जाना भाजपा की हिटलरशाही को दर्शाती है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि पूरे उत्तराखण्ड की जनता अंकिता भंडारी के साथ खड़ी रही परन्तु भाजपा के बड़बोले प्रवक्ता तथा नेताओं ने संवेदना का एक भी शब्द नहीं बोला और न ही आज तक उसके परिवार को न्याय मिल पाया है। उन्होंने मांग की है कि पत्रकार आशुतोष नेगी को धमकी मामले की उच्च स्तरीय जांच कराई जाय तथा दोषी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए।

Parvatanchal