आवाज़: अंकिता भंडारी हत्याकांड में वीआईपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सड़कों पर उतरी महिला कांग्रेस
भाजपा राज में महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार चरम पर, प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला का आरोप
हरिद्वार। अंकिता भंडारी हत्याकांड में वीआईपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर महिला कांग्रेस ने शहर में न्याय यात्रा निकाली। यात्रा मायापुर से देवपुरा चौक, रेलवे स्टेशन होती हुई शिवमूर्ति चौक पर समाप्त हुई। महिला कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी परमिंदर कौर और प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने कार्यकर्ताओं के साथ न्याय यात्रा निकाली। अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने कहा कि भाजपा राज में मंहगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार चरम पर है। आरोप लगाया कि भाजपा ने समाज को बांटने का काम किया है। भाजपा के राज में महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। उन्होंने आक्रोश जाहिर करते हुए कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड को 18 महीने का समय बीत चुका है, लेकिन राज्य की बेटी को न्याय नहीं मिल सका। रौतेला ने कहा कि महिला कांग्रेस न्याय की इस लड़ाई को अंजाम तक पहुंचाने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ेगी।

