विरोध: मंहगाई के विरोध में कांग्रेसियों ने फूंका प्रदेश सरकार का पुतला
संवाददाता
देहरादून, 03 सितंबर। शुक्रवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महंगाई के विरोध में भाजपा की सरकार का बल्लूपुर चौक पर पुतला फूंका। कार्यक्रम संयोजक प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री नवीन जोशी के नेतृत्व में यह पुतला दहन किया गया। इस अवसर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए नवीन जोशी ने कहा कि भाजपा सरकार में बढ़ती महंगाई से जहां आम आदमी परेशान है, वहीं आए दिन रसोई गैस के दाम आसमान छू रहे हैं। आज स्थिति यह हो गई है कि कांग्रेस की सरकार के समय में 400 में मिलने वाला गैस सिलिंडर भाजपा की सरकार में 900 रुपये के पार चला गया है। गरीब का चूल्हा जलना भी मुश्किल हो गया है। एक वक्त की रोटी खाना भी इस सरकार ने गरीबों का मुश्किल कर दिया है। पहले ही लोग कोरोना महामारी से पीड़ित थे और ऊपर से कमरतोड़ महंगाई आ गई है। कांग्रेसी नेताओं ने कहा कि सरकार ने लोगों से महंगाई कम करने का वादा किया था, परंतु आज उन सारे वादों की हवा निकल गई है। हर क्षेत्र में महंगाई अपने चरम पर पहुंच गई है, जिसका खामियाजा प्रदेश व देश की जनता को उठाना पड़ा है। कांग्रेस कार्यकर्ता महंगाई के विरोध में ऐसे प्रदर्शन करते रहेंगे और जनता की आवाज को दबने नहीं देंगे। महंगाई का विरोध हर स्तर पर नीचे से ऊपर तक किया जाएगा। महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ कर रख दी है। इस सरकार को गरीब व आम जनता के दुख दर्द से कुछ लेना देना नहीं है। केवल अपनी नाकामियों छुपाने के लिए यह लोग महंगाई पर महंगाई थोपे जा रहे हैं।

