आयोजन: गंगा किनारे जमेगा द बीटल्स, द गंगा फेस्टिवल का रंग

आयोजन: गंगा किनारे जमेगा द बीटल्स, द गंगा फेस्टिवल का रंग
Spread the love

तीन दिनों तक पर्यटक उठायेंगे स्थानीय व्यंजनों का लुत्फ

ऋषिकेश। द बीटल्स, द गंगा फेस्टिवल- 2023 के आयोजन को लेकर तैयारियां जोरशोर से चल रही हैं। इस आयेाजन को लेकर आज डीएम पौड़ी गढ़वाल ने समीक्षा बैठक ली। ऋषिकेश में 27 से 29 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले  तीन दिवसीय फेस्टिवल को सफल बनाने के लिए विभिन्न अधिकारियों को तैयारियां निर्देश डीएम पौड़ी ने दिये हैं।

जिलाधिकारी पौड़ी गढ़वाल डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में ऋषिकेश के लक्ष्मणझूला जिलाधिकारी कैंप कार्यालय में द बीटल्स, द गंगा फेस्टिवल-2023  के आयोजन के संबंध में विभिन्न अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी ने कार्यक्रम की रूपरेखा बताते हुए विभिन्न अधिकारियों को अपने-अपने दायित्व  के अनुसार सभी तैयारियों को समय से संपादित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने स्थानीय व्यंजन और उत्पादों तथा विभागों की योजनाओं से संबंधित स्टॉल व प्रदर्शनी लगवाने, महोत्सव में विभिन्न लोगों को आमंत्रित करने, भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा प्रबंध, यातायात प्रबंधन इत्यादि सभी व्यवस्थाओं के संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

उन्होंने स्थानीय नगर पालिका को आयोजन स्थलों की बेहतर साफ सफाई करने और लोक निर्माण विभाग तथा अन्य विभागों को आयोजन स्थल पर अस्थाई निर्माण, साज-सज्जा इत्यादि कार्यों को समय से पूरा करने के निर्देश दिए।

तीन दिवसीय द बीटल्स, द गंगा फेस्टिवल-2023 का शुभारंभ 27 अक्टूबर को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा किया जाएगा। आयोजन में भारतीय शास्त्रीय नृत्य क्लास, परंपरागत योग ध्यान क्रिया, मधुबनी व कलमकारी आर्ट वर्कशॉप, म्यूजिकल परफॉर्मेंस,  84 कुटिया हेरिटेज वॉक,  कथक नृत्य, गंगा आरती, स्थानीय हथकरघा उत्पाद और व्यंजनों की प्रदर्शनी और विभिन्न विभागों के स्टॉल आकर्षण के मुख्य केंद्र रहेंगे। इसके साथ ही जाने माने कलाकारों द्वारा म्यूजिक परफॉर्मेंस का भी प्रदर्शन किया जाएगा।

इस दौरान लक्ष्मणझूला स्थित जिलाधिकारी कैंप कार्यालय में एसएसपी पौड़ी श्वेता चौबे, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग पीएस बृजवाल, उप जिलाधिकारी स्मिता परमार व अनिल चान्याल आदि अधिकारी बैठक में कार्यालय में उपस्थित रहे। जबकि कई अधिकारी बैठक में वर्चुअल जुड़े।

Parvatanchal