ये इश्क नहीं आसां: नाबालिग प्रेमिका के घर पहुंचे प्रेमी की पहले जमकर पिटाई, फिर पंचायत ने करवा दी शादी

ये इश्क नहीं आसां: नाबालिग प्रेमिका के घर पहुंचे प्रेमी की पहले जमकर पिटाई, फिर पंचायत ने करवा दी शादी
Spread the love

 

लक्सर। हरिद्वार जिले के लक्सर में प्रेम विवाह का एक अजीबो गरीब मामला सामने आया है। यहां पहले प्रेमिका के घरवालों ने प्रेमी की जमकर पिटाई की और फिर उसकी प्रेमिका से शादी भी करा दी। प्रेमी ने भरी पंचायत में प्रेमिका की मांग में सिंदूर भरा। पंचायत में शादी को लेकर बाकायदा राजीनामा भी लिखवाया गया। सूत्रों की मानें तो प्रेमिका नाबालिग है।

दरअसल ये पूरा मामला लक्सर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव का है। बताया जा रहा है कि लड़का-लड़की दोनों एक दूसरे के प्यार करते हैं। लंबे समय से उनका प्रेम प्रसंग चल रहा था। बीते दिन लड़की प्रेमी से शादी करने की मांग को लेकर उससे घर पहुंच गई, जिस पर युवक के घरवालों ने नाराजगी जताई।
जानकारी के मुताबिक, इसके बाद युवक के परिजनों ने लड़की को वापस उसके घर भेज दिया। लड़की को उसके घर छोड़ने के लिए प्रेमी और उसका एक दोस्त भी गया, लेकिन वहां पर बवाल हो गया। लड़की के घरवालों ने प्रेमी और उसके दोस्त को पकड़ लिया। इस दौरान प्रेमी का दोस्त तो किसी तरह वहां से निकल गया, लेकिन प्रेमी वहीं पर फंस गया। दोस्त ने घर आकर प्रेमी के परिजनों को पूरे मामले की जानकारी दी। वहीं प्रेमिका के घरवालों ने प्रेमी की जमकर धुनाई कर डाली। इसी बीच लड़की के घरवालों ने प्रेमी के परिजनों को फोन किया और उसके दोस्त को गांव में लाने को कहा। इसके बाद प्रेमी के परिजन गांव के कुछ जिम्मेदार लोगों को लेकर लड़की के घर पहुंचे।
दोनों के प्रेम प्रंसग को लेकर गांव में पंचायत हुई। पंचायत ने दोनों पक्षों के लोगों की राय जानने के बाद युवक-युवती को शादी की इजाजत दे दी। भरी पंचायत में प्रेमी युवक ने अपनी प्रेमिका की मांग में सिंदूर भरकर शादी कर ली। युवती ने पंचायत में साफ तौर पर कहा कि अगर उसके पति को किसी ने कोई नुकसान पहुंचाया तो वह उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेगी।
पंचायत में दोनों पक्षों के बीच बाकायदा राजीनामा लिखा गया। इसके बाद युवती प्रेमी युवक के साथ पंचायत से ही ससुराल के लिये विदा हो गई। वहीं दूसरी ओर सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार जिस युवती की पंचायत में शादी कराई गई है, वह नाबालिग है। लक्सर कोतवाली के एसएसआई मनोज गैरोला का कहना है कि पुलिस को मामले की कोई जानकारी नहीं है।

Parvatanchal