बेसऊर: भरी सभा में बने हंसी के पात्र, गणेश जोशी ने धामी को बोल दिया ‘पूर्व मुख्य मंत्री’  

बेसऊर: भरी सभा में बने हंसी के पात्र, गणेश जोशी ने धामी को बोल दिया ‘पूर्व मुख्य मंत्री’  
Spread the love

 

संवाददाता
मसूरी, 02 सितंबर। अपनी अजीबो-गरीब हरकतों और बातों के बावजूद मीडिया के खास दुलारे  उत्तराखंंड के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी को उनके भाषण के चलते भरी सभा में हंसी का पात्र  बनना पड़ गया। गणेश जोशी ने अपने भाषण में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पूर्व मुख्यमंत्री बता दिया। ये वाकया गुरुवार को मसूरी में शहीदों को श्रद्धांजलि देते वक्त हुआ। गलती का एहसास दिलाने पर गणेश जोशी खिसिया कर रह गए।  गलती पर खेद जाहिर करने की बजाय अपनी झेंप छुपाने के लिए  कह दिया कि चलो कोई बात नहीं। 15-20 साल बाद धामी पूर्व मुख्यमंत्री हो जाएंगेे। गणेश जोशी द्वारा पुष्कर सिंह धामी को पूर्व मुख्यमंत्री बताए जाने पर समारोह में मौजूद  लोगों ने जोशी की जमकर खिल्ली उड़ाई। दरअसल, गणेश जोशी जिस वक्त मंच पर बैठे लोगों का आभार व्यक्त कर रहे थे, उसी वक्त उनके भााषण का हुनर जगजाहिर हो गया।  सामने जनता बैठी हुई थी। जैसे ही उन्होंने कुछ गणमान्य लोगों के साथ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का नाम लिया, उन्होंने कहा कि मंच पर बैठे हमारे ओजस्वी,  ऊर्जावान और सैनिक पुत्र पूर्व मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी। वह अपनी बात कहते रहे। 4 या 5 सेकंड बाद पीछे से किसी ने उनके ऊपर हाथ रख कर कहा कि आपने सीएम को  पूर्व बोल दिया है। तब उन्होंने पूछा- ‘क्या मैंने पूर्व बोला ?’  तब मंच के सामने बैठी जनता भी तालियां बजाने लगी और उन्होंने अपनी बात को सही ठहराते हुए कहा कि 15-20 साल बाद तो पूर्व हो ही जाएंगे। गणेश जोशी ने कुछ देर रुक कर अपना भाषण दोबारा से पूरा किया। जिस वक्त गणेश जोशी भाषण दे रहे थे, उस वक्त मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट और कई नेतागण मंच पर मौजूद थे। जैसे ही गणेश जोशी ने धामी को पूर्व मुख्यमंत्री कहा लोगों ने तालियां बजाना शुरू कर दिया। लोगों ने गणेश जोशी पर तंज कसना भी शुरू कर दिया। लोग कह रहे थे- ‘बहुत बढ़िया, वाह-वाह, बहुत बढ़िया !’ गणेश जोशी की सफाई पर भी लोग तंज कसते रहे। इससे पहले भी गणेश जोशी की जुबान कई बार फिसली है।

Parvatanchal