आफ़त: गढ़वाल में भू-धंसाव की चपेट में आते कई गांव, सुरक्षित स्थानों की ओर पलायन कर रहे ग्रामीण
ऋषिकेश। उत्तराखंड में भारी बारिश का कहर जारी है। जिसके चलते प्रदेश भर भूस्खलन सहित अन्य आपदाएं डेरा डाले हुए हैं। इसी कड़ी में यमकेश्वर ब्लॉक अंतर्गत डांडामंडल क्षेत्र के देवराना, भूम्यासारी और कसाण गांव भू- धंसाव की चपेट में आ हैं। इन गांवों में मोटर मार्ग के साथ ही गांव का पैदल रास्ता भी टूट गया है। ग्रामीणों के घरों और खेतों में बड़ी- बड़ी दरारें आ गई हैं। जिससे ग्रामीणों में भय का वातावरण है। जानमाल के नुकसान से बचाव के लिए ग्रामीण अपने घरों को छोड़ सुरक्षित स्थानों पर निकल गए हैं।
कई ग्रामीण पौड़ी प्रशासन की ओर से दिए गए छोटे छोटे टैंटों के अंदर अपना गुजर बसर कर रहे हैं। बारिश होते ही ग्रामीण डर और सहम रहे हैं। स्थानीय ग्रामीण प्यारेलाल कंडवाल ने बताया कि बीते दिनों हुई तेज बारिश से देवराना गांव में बहुत नुकसान हुआ है। सड़क के नीचे बने अधिकांश आवासीय घर जमींदोज हो गए हैं, कई घरों में दरारें आ गई हैं।
तेज बारिश से देवराना गांव में तकरीबन दर्जन भर लोगों
के घर क्षतिग्रस्त हो गए हैं। गांव में लगातार भू- धंसाव हो रहा है। उधर ग्राम पंचायत सिंदुडी का तोक गांव बैरागढ़ भी भू- धंसाव की चपेट में है।

