दल-बदल: कांग्रेस को दगा दे गये पार्टी के पूर्व प्रत्याशी रंजीत दास, बागेश्वर उपचुनाव से पहले थाम लिया भाजपा का दामन
देहरादून। बागेश्वर उपचुनाव से पहले उत्तराखंड में दल-बदल का खेल शुरू हो गया है। पिछले चुनाव में कांग्रेस के प्रत्याशी रहे रंजीत दास की पार्टी के प्रति निष्ठा पर राजनीतिक महत्वाकांक्षा भारी पड़ गयी और उन्होंने कांग्रेस को छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया है। गौरतलब है कि रंजीत दास ने 2022 में बागेश्वर विधानसभा सीट से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ा था।
शनिवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने पटका पहनकर रंजीत दास का पार्टी में स्वागत किया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने भाजपा प्रदेश कार्यालय में रंजीत दास को पार्टी में शामिल किया।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बागेश्वर उप चुनाव की अधिसूचना जारी कर दी है। यह सीट विधानसभा सदस्य व कैबिनेट मंत्री चंदन रामदास की मृत्यु के बाद रिक्त घोषित की गई थी। नामांकन जमा करने की अंतिम तिथि 17 अगस्त है। 21 अगस्त को नाम वापस लिए जा सकते हैं। इसके बाद पांच सितंबर को मतदान व आठ सितंबर को मतगणना होगी।

