कामयाबी: नशा तस्करी पर एसटीएफ व पुलिस का बड़ा प्रहार, 55 लाख की स्मैक सहित दबोचा नशा तस्कर
रुद्रपुर। एसटीएफ व जिला पुलिस द्वारा संयुक्त कार्यवाही करते हुए एक अंतर्राज्यीय नशा तस्कर को भारी मात्रा में स्मैक सहित गिरफ्तार किया गया है। आरोपी यूपी से स्मैक लाकर उसकी सप्लाई उत्तराखंड के कुमांऊ मंडल में किया करता था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टीसी ने बताया कि बीते रोज एसटीएफ व थाना पुलभट्टा पुलिस को सूचना मिली थी कि क्षेत्र में एक अंर्तराज्यीय नशा तस्कर नशीले पदार्थों की बड़ी खेप लेकर आने वाला है। सूचना पर कार्यवाही करते हुए एसटीएफ व थाना पुलभट्टा पुलिस टीम ने क्षेत्र में चैकिंग अभियान शुरू कर दिया। इस दौरान संयुक्त टीम को एक संदिग्ध व्यक्ति आता हुआ दिखायी दिया। टीम द्वारा जब उसे रोकने का प्रयास किया गया तो वह सकपका कर भागने लगा। इस पर उसे घेर कर दबोच लिया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से 537 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पूछताछ में उसने अपना नाम मुस्ताक पुत्र मिठ्ठू निवासी टनकपुर व हाल पीलीभीत उत्तर प्रदेश बताया। उसने बताया कि वह यूपी के अकबर नाम के एक व्यक्ति से यह स्मैक लाया था जिसे वह रुद्रपुर, किच्छा, सितारगंज, खटीमा व टनकपुर में सप्लाई करना चाहता था। बहरहाल पुलिस ने उसे एनडीपीएस एक्ट की तहत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार,बरामद स्मैक की कीमत 55 लाख रुपये से अधिक बतायी जा रही है।

