बरामदगी: शिवपुरी नाले में मिला लापता कैंप कर्मी का शव, नाले से अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद
ऋषिकेश। शिवपुरी नाले में उफान आने से लापता कैंप कर्मी का शव एसडीआरएफ ने बरामद कर लिया है। मृतक कर्मी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार रात्रि भारी बारिश के चलते शिवपुरी नाले में भारी उफान आने से नाले का पानी यहां एक कैंप में घुस गया। उससे कैंप की कैंटीन का हिस्सा बह गया था, जिससे यहां हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि उसके बाद से यहां काम कर रहा कर्मचारी गौतम (30 वर्ष) तब से लापता था। उसकी तलाश के लिए नाने में रेस्क्यू आपरेशन शुरू किया गया। मंगलवार सुबह एसडीआरएफ की टीम ने गौतम के शव को नाले से बरामद कर लिया है। पुलिस ने मृतक कर्मी के शव का पंचनामा भरकर पीएम के लिए भेज दिया है।
उधर, ऋषिकेश में हरिद्वार रोड पुरानी चुंगी के समीप स्थित नाले से पुलिस ने एक व्यक्ति का शव बरामद किया है। इसकी पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार की सुबह स्थानीय नागरिकों ने पुलिस को नाले में शव नजर आने की जानकारी दी। उसके बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। शव को नाले से बाहर निकाला गया। शव को पुलिस ने अपने कब्जे में लेते हुए आसपास के लोगों से उसकी शिनाख्त का प्रयास किया, किन्तु उसकी पहचान नहीं हो पाई। शव को आगे की कार्यवाही के लिए मोर्चरी में रखवा दिया गया है।

