आफ़त: भारी बारिश के कारण हो रहे भूस्खलन से इस पहाड़ी क्षेत्र में 60 मोटर मार्ग बंद, ग्रामीणों की बढ़ीं मुश्किलें
विकासनगर। भूस्खलन के कारण जौनसार बावर के 60 मोटर मार्ग बंद होने से करीब 150 सौ गांवों के वाशिंदों का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। किसानों के उपज से भरे वाहन जगह-जगह फंसे हुए हैं। बंद रास्तों की वजह से नौकरीपेशा लोग भी अपने कार्यालय नहीं जा पाए। बंद मार्गों में लोनिवि चकराता के 15, लोनिवि साहिया के 23 और पीएमजीएसवाइ के 22 मोटर मार्ग बंद हैं।
इधर साहिया में अमलावा नदी से हो रहे कटाव के कारण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को खतरा पैदा हो गया है। कटाव बढ़ते-बढ़ते अस्पताल भवन के नजदीक तक पहुंच गया है। लंबे समय से अस्पताल प्रशासन व स्थानीय लोग सिंचाई विभाग से नदी में बाढ़ सुरक्षा कार्य कराने की मांग कर रहे थे, लेकिन विभागीय अधिकारियों ने ध्यान नहीं दिया। इसका खामियाजा आज किनारे पर बसे लोगों और अस्पताल प्रशासन को भुगतना पड़ रहा है।
