संदेहास्पद: अपनी ही कार में पड़ा मिला कारोबारी का शव, शहर में फ़ैल गयी सनसनी
हल्द्वानी। शनिवार सुबह तीन पानी के समीप एक कारोबारी की लाश कार में मिलने से सनसनी फेल गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मौत के कारणों की जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि छट पूजा स्थल के पास स्थित रामबाग कालोनी निवासी 30 वर्षीय अंकित चौहान पुत्र धर्मपाल सिंह चौहान का कार रिपेयरिंग सेंटर व होटल है।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार की देर शाम अंकित अपनी बलेनो कार संख्या यूके 04 क्यू 1574 से घर से निकला, लेकिन देर रात तक घर नहीं पहुंचा। शनिवार की सुबह तीनपानी के पास लोगों ने एक कार में युवक को बेसुध पाया और इसकी सूचना पुलिस को दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को अस्पताल पहुंचाया,जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की शिनाख्त अंकित चौहान के रूप में हुई। अंकित चौहान की मौत की सूचना पर उसके चाहने वालों की मोर्चरी में भीड़ जुट गई । पुलिस के मुताबिक,जिस कार में अंकित चौहान मिला है वह उसी की है। कोतवाल हरेंद्र चौधरी ने बताया कि कार की एसी ऑन थी। अंकित पीछे की सीट पर पड़ा था। उसके पैर में मामूली सी खरोंच के अलावा कोई चोट नहीं है। आशंका यह भी जताई जा रही है कि गैस से उसकी मौत न हुई हो। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की बारीकी से जांच कर रही है।
