बड़ी खबर: एनएच-74 घोटाले के आरोपी को ईडी ने लिया हिरासत में, जमानत पर छूट कर खोल ली थी ट्रैक्टर एजेंसी
रुद्रपुर। गदरपुर में बुधवार को ईडी ने छापा मारकर एनएच-74 घोटाले के आरोपी को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के लिए टीम उसे देहरादून ले गयी। गौरतलब है कि गदरपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम गिरिधरनगर निवासी चरण सिंह को कुछ वर्ष पूर्व एनएच-74 के फर्जी तरीके से मुआवजा लेने के आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार किया था। मामले की जांच चल रही थी जिसमें चरण सिंह जमानत पर रिहा होकर आया था।
मामले की जांच एसआईटी द्वारा की जा रही थी। वर्तमान में चरण सिंह ने रुद्रपुर रोड पर ज्ञान विहार कॉलोनी के मोड़ पर सोनालिका ट्रैक्टर एजेंसी खोली हुई है।
दोपहर करीब दो बजे चार गाड़ियों में सवार होकर आए पुलिस बल के बीच ईडी के अधिकारियों की टीम ने चरण सिंह को हिरासत में ले लिया और आनन-फानन में देहरादून की ओर ले गए। पूरी कार्रवाई गुप्त तरीके से हुई जिसकी स्थानीय पुलिस को भी भनक नहीं लगने दी गई। कुछ मीडिया कर्मी मौके पर पहुंचे पर उन्हें किसी भी तरह की जानकारी देने से मना कर दिया गया।

