शर्मनाक: प्रेम संबधों में रोड़ा बना भाई तो करवा दिया कत्ल, पुलिस ने शव बरामद कर दो को लिया हिरासत में
हरिद्वार। कलयुगी बहिन ने प्रेम संबंधों में रोड़ा बने सगे भाई की प्रेमी से हत्या करवा डाली। उसके बाद भाई के शव को पड़ोसी के घेर में दफनाकर अपहरण की बात फैला दी। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए दोनों हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर शव को बरामद कर लिया।
आज यहां इसकी जानकारी देते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने बताया कि पुलिस के सामने एक रहस्यमयी मामला आया, जब ग्राम ढाढेकी ढांणा लक्सर निवासी सेठपाल पुत्र पिताम्बर द्वारा कोतवाली लक्सर में शिकायत देते हुए बताया गया कि 6 फरवरी की रात उनका पूरा परिवार अचानक गहरी नींद में सो गया और इसी दौरान उनका पुत्र कुलवीर उर्फ शेर सिंह उम्र 17 वर्ष संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हो गया। नींद इसलिए भी संदिग्ध थी, क्योंकि शिकायतकर्ता के अनुसार जागने पर पूरा परिवार नशे की स्थिति में मिला। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। अपहृत युवक कुलवीर की तलाश एवं बरामदगी हेतु लगातार किए जा रहे प्रयासों के बीच पुलिस जांच टीम को जानकारी मिली कि अपहृत कुलवीर की बहन का पड़ोसी युवक राहुल के साथ प्रेम प्रसंग था जिस कारण कुलवीर का कई दफा अपनी बहन व प्रेमी राहुल के साथ विवाद भी हुआ था। उसके बाद पुलिस ने पुनः अपहृत कुलवीर की नाबालिग बहन से गहनता से पूछताछ की तो जानकारी मिली कि पड़ोसी युवक राहुल से प्रेम प्रसंग व आपत्तिजनक स्थिति में पकड़े जाने के चलते युवती के भाई द्वारा युवती के साथ लगातार मारपीट की जा रही थी। प्रेमी राहुल के साथ भी झगड़ा किया जा रहा था। अपने प्रेम संबंधों में भाई को कांटा बनता देख युवती ने प्रेमी राहुल और उसके दोस्त के साथ हत्या की योजना बनाई। छह फरवरी को प्रेमी द्वारा नींद की गोलियां लाकर देने पर युवती ने पूरे परिवार को रात में करीब आठ बजे दूध में गोलियां मिलाकर पिला दिया। सभी परिजनों के बेहोश होने पर रात को युवती ने प्रेमी राहुल और कृष्णा के साथ मिलकर कुलवीर का रस्सी से गला घोंटकर हत्या कर दी और कुलवीर के शव को राहुल के घेर में गड्ढा खोदकर दबा दिया। उसके बाद युवती ने अपने घरवालों और पुलिस को गुमराह करने के लिए खुद भी नींद की गोली खा ली थी। प्रकरण में हत्या की पारिवारिक रिश्तों को कलंकित करने वाली ऐसी अविश्वसनीय कहानी प्रकाश में आयी। जानकारी के आधार पर आरोपी राहुल के घेर से मृतक का शव बरामद कर लिया गया, जिसे पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। राहुल एवं उसके दोस्त कृष्णा को पुलिस टीम द्वारा हिरासत में लिया गया। मृतक की बहन से पूछताछ जारी है।

