शिकंजा: फर्जी इंश्योरेंस व पाॅल्यूशन सर्टिफिकेट बनाने वाले सेंटर का भंडाफोड़, दो आरोपी गिरफ्तार

शिकंजा: फर्जी इंश्योरेंस व पाॅल्यूशन सर्टिफिकेट बनाने वाले सेंटर का भंडाफोड़, दो आरोपी गिरफ्तार
Spread the love

 

देहरादून। दून पुलिस ने वाहनों के फर्जी इंश्योरेंस एवं पाॅल्यूशन प्रमाण पत्र बनाने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, एसटीएफ को सूचना मिली थी कि  उत्तराखंड में एक ऐसा गिरोह सक्रिय है जो व्यावसायिक वाहनों के फर्जी इंश्योरेंस एवं पॉल्यूशन कार्ड बनाकर अनुचित लाभ अर्जित कर रहे हैं, जिससे सरकारी राजस्व का भारी नुकसान हो रहा है। इस सूचना की एसटीएफ द्वारा प्रारंभिक जांच कर  सत्यापन कराया गया तो प्रथम दृष्टया सूचना सही पाई गई । सूचना के आधार पर एसटीएफ ने जनपद हरिद्वार के  रुड़की आरटीओ कार्यालय के सामने एक निजी कार्यालय में छापा मारकर दो व्यक्तियों को पकड़ा, जिनके कार्यालय में बरामद लैपटॉप एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की बारीकी से जांच की गयी।  जांच के दौरान एसटीएफ को सैकड़ों वाहनों के फर्जी इंश्योरेंस बनाए जाने के दस्तावेज प्राप्त हुए। इसके बाद एसटीएफ ने आरोपियों को अपनी हिरासत में लेकर पूछताछ की तो आरोपियों ने अपना गुनाह कबूल कर लिया। आरोपियों के अनुसार इस गिरोह से करीब आठ से दस लोग जुडे हैं, जोकि उत्तराखंड के कई हिस्सों में अपनी गतिविधियों को अंजाम दे रहे हैं तथा फर्जी तरीके से इश्योरेंस और प्रदूषण सर्टिफिकेट तैयार कर लोगों से अच्छी खासी रकम वसूल करते हैं।
एसटीएफ की टीम ने आरोपियों के कार्यालय के सभी इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को कब्जे में लेकर फर्जी इंश्योरेंस संबंधित दस्तावेज प्राप्त होने पर  दोनों आरोपियों को धारा 420, 467, 468, 471, 120 बी आईपीसी के तहत गिरफ्तार किया है। आरोपियों के नाम अब्दुल कादिर पुत्र इसरार,  निवासी मोहम्मदपुर, थाना रुड़की सिविल लाइन, जनपद हरिद्वार व कबीर  पुत्र नासिर, निवासी भारोपुर भोरी,  थाना बहादराबाद, जनपद हरिद्वार बताए जा रहे हैं।

Parvatanchal