हादसा: ट्रैक्टर और बाइक में हु़ई टक्कर में युवक की मौत, मृतक के परिवार में मचा कोहराम
देहरादून। बसंत बिहार थाना क्षेत्र में तेज गति एवं लापरवाही से आ रहे एक ट्रैक्टर ने बाइक सवार युवक को अपनी चपेट में ले कर कुचल दिया। दुर्घटना में घायल हुए युवक को आसपास के लोगों ने उठाकर उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं हादसे की सूचना पर पहुंची बसंत विहार पुलिस ने शव का पंचनामा भर परीक्षण के लिए भिजवाया। सोमवार की देर रात्रि नीरज पुत्र स्वर्गीय शंकर प्रसाद, निवासी उमेदपुर थाना वसंत विहार अपनी बाइक पर सवार होकर किसी काम से जा रहा था। जब नीरज महिंद्रा चौक के पास पहुंचा तो विपरीत दिशा से आ रहे एक ट्रैक्टर ने बाइक सवार नीरज को अपनी चपेट में ले कर कुचल दिया। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक ट्रैक्टर को छोड़कर मौके से फरार हो गया तो आसपास के लोगों ने इकट्ठा होकर जहां बसंत विहार पुलिस को सूचना दी, वहीं गंभीर रूप से घायल हुए बाइक सवार को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। वहां चिकित्सकों ने नीरज को मृत घोषित कर दिया। सड़क हादसे में हुई मौत के बाद पुलिस ने मृतक के परिजनों को हादसे की सूचना दी और शव का पंचनामा भर परीक्षण के लिए भिजवाया। वहीं, पुलिस इस घटना को लेकर कानूनी कार्यवाही में जुट गई।

