कांग्रेस: गंगा पूजन के साथ शुरू हुआ पार्टी का ‘हाथ से हाथ जोड़ो अभियान’, भारी संख्या में जुटे कार्यकर्ता

कांग्रेस: गंगा पूजन के साथ शुरू हुआ पार्टी का ‘हाथ से हाथ जोड़ो अभियान’, भारी संख्या में जुटे कार्यकर्ता
Spread the love

 

देहरादून। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की अगुवाई में कन्या कुमारी से कश्मीर तक आयोजित ‘भारत जोड़ो यात्रा’ की अपार सफलता के उपरान्त पार्टी द्वारा उत्तराखंड सहित देशभर में 26 जनवरी से ‘हाथ से हाथ जोड़ो अभियान’ की शुरूआत की गई। इसी कार्यक्रम के तहत उत्तराखंड प्रदेश में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा के नेतृत्व में राजधानी देहरादून सहित राज्यभर के सभी जिला एवं महानगरों तथा विधानसभा क्षेत्रों में ‘हाथ से हाथ जोड़ो अभियान’ का शुभारंभ किया गया।
उपरोक्त जानकारी देते हुए प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष संगठन एवं प्रशासन मथुरादत्त जोशी ने बताया कि गणतंत्र दिवस के अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा के नेतृत्व में प्रदेश कार्यालय से अभियान का शुभारंभ करते हुए गांधी पार्क, घंटाघर होते हुए दर्शनलाल चौक एवं पुनः कांग्रेस भवन तक ‘हाथ से हाथ जोड़ो अभियान’ की यात्रा निकाली गई तथा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, पंण्डित जवाहर लाल नेहरू, श्रीमती इन्दिरा गांधी, सरदार बल्लभ भाई पटेल, डाॅ. भीमराव अंबेडकर समेत अन्य दिवंगत नेताओं की प्रतिमा को माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किये।
मथुरादत्त जोशी ने यह भी बताया कि शुक्रवार 27 जनवरी को माहरा के नेतृत्व में गंगा पूजन के साथ हरिद्वार लोकसभा क्षेत्र में ‘हाथ से हाथ जोड़ो अभियान’ का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर ‘हाथ से हाथ जोड़ो अभियान’ के लोकसभा प्रभारी पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत एवं लोकसभा संयोजक पूर्व मंत्री नवप्रभात भी उपस्थित थे। हरिद्वार लोकसभा क्षेत्र के हरिद्वार शहर विधानसभा क्षेत्र एवं लक्सर विधानसभा क्षेत्र में प्रारंभ किये गये ‘हाथ से हाथ जोड़ो अभियान’ में सैकड़ों की संख्या में कांग्रेसजनों एवं आम जनता ने प्रतिभाग किया।

Parvatanchal