सहयोग: पार्टी चुनाव प्रचार के लिए शिमला पहुंचे सी एम धामी, भाजपा के जनसंपर्क अभियान में हुए शामिल
देहरादून। हिमाचल प्रदेश में हो रहे विधान सभा चुनाव में उत्तराखंड भाजपा ने भी अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। इसी सिलसिले में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मंगलवार को शिमला पहुंचे। यहां वे माल रोड पर निकाले गए भाजपा के जन संपर्क अभियान में शामिल हुए। इस अवसर पर
सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की विकासपरक सोच के कारण आज भारत ने दुनिया में अपनी अलग पहचान बना ली है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में देश बहुमुखी विकास कर रहा है। सीएम धामी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा देश को उन्नति के शिखर तक ले जाएगी। सोमवार को प्रदेश भाजपा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट भी प्रचार मैदान में उतरे थे। वे दो दिन हिमाचल के दौरे पर हैं। प्रदेश सरकार के मंत्री, पार्टी विधायक व पदाधिकारियों को चुनाव प्रचार में डटे रहने के निर्देश दिए गए हैं।
