आक्रोश: विधायक अनुपमा रावत को मिला ग्रामीणों का समर्थन, गाय-भैंसों को लेकर धरना देने को पहुंच गए थाने
हरिद्वार। जिले के बहादराबाद थाने में आज उस वक्त हंगामा खड़ा हो गया जब इलाके के दर्जनों ग्रामीण अपने पालतू गाय-भैंसों को लेकर थाने पर पहुंच गए। पुलिसकर्मियों के विरोध के बावजूद ग्रामीण थाना परिसर से बाहर नहीं निकले और वहीं धरना दे रही कांग्रेस विधायक अनुपमा रावत के समर्थन में धरने पर बैठ गए। दरअसल, कांग्रेसी कार्यकर्ताओं पर दर्ज मुकदमों को लेकर हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक अनुपता रावत आज दूसरे दिन भी बहादराबाद थाने पर धरना दे रही थीं। इसी बीच इलाके के दर्जनों ग्रामीण भी उनका साथ देने अपनी गाय और भैंस लेकर थाने पहुंच गए। शुक्रवार को विधायक अनुपमा रावत ने गाय-भैंसों को साथ लेकर ही धरना दिया।
गौरतलब है कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर हुए मुकदमे के विरोध में विधायक अनुपमा रावत बहादराबाद थाना क्षेत्र में कल से धरने पर बैठी हुई हैं। आज इस धरने में ग्रामीण अपनी गाय-भैंस और बुग्गी के साथ थाने में आ धमके, जिसका पुलिसकर्मियों ने काफी विरोध भी किया। इस दौरान विधायक अनुपमा रावत और समर्थकों की पुलिस के साथ काफी नोकझोंक भी हुई, लेकिन ग्रामीण अपने जानवरों को थाने से बाहर निकालने में राजी नहीं हुए। इतना ही नहीं उन्होंने थाने में ही भैंस बांध दी। धरने में बड़ी संख्या में अनुपमा समर्थक व कांग्रेसी नेता मौजूद रहे।
कांग्रेस विधायक अनुपमा रावत का कहना है कि हरिद्वार ग्रामीण में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को तोड़ने का काम किया जा रहा है। उन पर फर्जी मुकदमे दर्ज कराकर भाजपा की सदस्यता दिलाने के लिए बनाया जा रहा है। भाजपा के हारे हुए विधायक स्वामी यतीश्वरानंद कार्यकर्ताओं पर बेवजह दबाव बना रहे हैं। इसी दबाव के चलते उनके दर्जनों कार्यकर्ताओं पर फर्जी तरीके से मुकदमे दर्ज किए गए हैं। अनुपमा रावत ने कहा कि जब तक यह मुकदमे वापस नहीं लिए जाते हैं, तब तक वो अपना धरना समाप्त नहीं करेंगी। अनुपमा रावत ने कहा कि हरिद्वार ग्रामीण की विधायक हूं और मेरे साथ मेरी विधानसभा क्षेत्र के लोग धरने पर बैठे हुए हैं। गौरतलब है कि त्रि स्तरीय पंचायत चुनाव की मतगणना के बाद कुछ लोगों द्वारा पुलिसकर्मियों पर पथराव किया गया था, जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल भी हुए थे। पुलिस ने इस संबंध में दर्जनों लोगों के खिलाफ मुकदमे दर्ज किए थे। कांग्रेस का आरोप है कि पुलिस ने सत्ता के दबाव में निर्दोष कांग्रेसी कार्यकर्ताओं पर मुकदमे किये हैं।

