पूर्वानुमान: सोमवार से बदल सकता है मौसम का मिजाज,  उत्तराखंड में भारी बारिश का अलर्ट जारी

पूर्वानुमान: सोमवार से बदल सकता है मौसम का मिजाज,  उत्तराखंड में भारी बारिश का अलर्ट जारी
Spread the love

 

देहरादून। उत्तराखंड में बरसाती मौसम  का मिजाज बहुत जल्दी बिगड़ने वाला है। मौसम विभाग द्वारा जारी मौसम संबंधी पूर्वानुमान आने वाली आफत का संकेत दे रहा है। दरअसल, मौसम विभाग ने सोमवार से उत्तराखंड में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के निदेशक बिक्रम सिंह के मुताबिक,  सोमवार 18 जुलाई से प्रदेश में बारिश में वृद्धि की संभावना है। सिंह के अनुसार, कुमाऊं क्षेत्र में 18 जुलाई को ज्यादा बारिश होने का अनुमान है। इस दौरान पिथौरागढ़ , बागेश्वर , चंपावत , नैनीताल में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। 19 जुलाई से बारिश में और बढ़ोतरी देखने को मिलेगी।  मंगलवार 19 और  बुधवार 20 जुलाई को कुछ स्थानों में भारी से भारी बारिश भी देखने को मिल सकती है जिसमें गढ़वाल और कुमाऊं दोनों मंडलों के जिले शामिल हैं।
मौसम केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि इस अवधि में पौड़ी गढ़वाल , उधमसिंहनगर , नैनीताल व चंपावत में कुछ स्थानों पर भारी से भारी बारिश का पूर्वानुमान है। इसके साथ ही चमोली , पिथौरागढ़ में भी इस दौरान कुछ स्थानों पर भारी बारिश   देखने को मिलेगी। 20 जुलाई को देहरादून और टिहरी में भी अच्छी खासी बारिश होने की संभावना है। उसके बाद के अगले दो-तीन दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला बना रहेगा। कुछ स्थानों पर सामान्य से भारी बारिश भी हो सकती है।
सिंह के अनुसार, 18 से लेकर 22 जुलाई तक प्रदेश में बारिश देखने को मिलेगी जबकि 19 और 20 जुलाई को ज्यादा बारिश का दौर रह सकता है। मौसम विभाग ने प्रदेशवासियों को ज्यादा जरूरी ना होने पर 19 और 20 जुलाई को पहाड़ों की यात्रा करने बचने की सलाह दी है।

Parvatanchal