कार्रवाई: भाजपा नेता के हत्यारों की तलाश तेज, पहाड़ से लेकर यूपी तक दबिशें जारी

कार्रवाई: भाजपा नेता के हत्यारों की तलाश तेज, पहाड़ से लेकर यूपी तक दबिशें जारी
Spread the love

 

रुद्रपुर। खनन पट्टे के रास्ते को लेकर हुए विवाद के बाद भाजपा मंडल महामंत्री की गोली मारकर हत्या करने में फरार हत्यारोपित पिता पुत्रों की तलाश पुलिस ने तेज कर दी है। इसके लिए पुलिस और एसओजी की टीम उत्तर प्रदेश के साथ ही पर्वतीय क्षेत्रों में हत्यारोपितों की धरपकड़ में जुटी हुई है। साथ ही उन तक पहुंचने के लिए मोबाइल नंबर भी सर्विलांस पर लगाए गए हैं। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक जल्द ही हत्यारोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।शांतिपुरी नंबर तीन निवासी पंतनगर-शांतिपुरी भाजपा मंडल महामंत्री संदीप सिंह कार्की की शनिवार सुबह खनन पट्टे के विवाद में गोली मारकर हत्या कर दी थी। हत्या के बाद आरोपित फरार हो गए थे। बाद में पुलिस ने मामले में हत्यारोपित ललित मेहता और उसके भाई दीपू तथा पिता मोहन मेहता के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया था, साथ ही उनकी तलाश के लिए पुलिस और एसओजी की चार टीम गठित की गई लेकिन काफी तलाश के बाद भी वे हाथ नहीं आए। इधर, अब पुलिस ने फरार पिता पुत्रों तक पहुंचने के लिए कुछ मोबाइल नंबर भी सर्विलांस पर लगाए हैं। उनके उत्तर प्रदेश के साथ ही पर्वतीय क्षेत्रों की ओर भागने की संभावना भी जताई जा रही है, जिसके बाद पुलिस टीम उत्तर प्रदेश के साथ ही पर्वतीय क्षेत्रों में उनकी तलाश कर रही है। एसएसआइ पंतनगर अरविंद सिंह ने बताया कि पुलिस और एसओजी की टीम हत्यारोपितों की तलाश में लगी है। सर्विलांस की भी मदद ली जा रही है, जल्द ही हत्यारोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Parvatanchal