ब्रेकिंग न्यूज: गढ़वाल में भीषण सड़क हादसा;गहरी खाई में गिरी महिलाओं से भरी ईको कार, सात की मौत, पांच घायल

ब्रेकिंग न्यूज: गढ़वाल में भीषण सड़क हादसा;गहरी खाई में गिरी महिलाओं से भरी ईको कार, सात की मौत, पांच घायल
Spread the love
पौड़ी। उत्तराखंड के पौड़ी जिले में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। रिखणीखाल ब्लॉक के कलवाड़ी के पास महिलाओं से भरी एक ईको कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में सात लोगों की मौत होने की सूचना है, जबकि पांच लोग घायल बताए जा रहे हैं। मृतकों में वाहन चालक भी शामिल है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ईको कार में सवार महिलाएं स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी थीं और रिखणीखाल में दीदी-भुली योजना के तहत फॉर्म भरने गई थीं। फॉर्म भरने के बाद सभी महिलाएं वापस अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान कलवाड़ी के पास अचानक वाहन चालक का नियंत्रण कार से हट गया और कार सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी।
प्रारंभिक जानकारी में वाहन में उसकी निर्धारित क्षमता से अधिक सवारियां होने की बात भी सामने आ रही है। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों और राहत एवं बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि दुर्घटना में सात लोगों की जान जाने की सूचना है। पांच घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजे जाने की जानकारी है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। गांवों में मातम पसरा हुआ है और मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर पहाड़ी मार्गों पर यातायात सुरक्षा, वाहनों में ओवरलोडिंग और ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षित परिवहन व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल हादसे के कारणों और मृतकों की पहचान को लेकर विस्तृत आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।

Parvatanchal