तैयारी:भाजपा के 65 पार के जवाब में कांग्रेस का 45 पार का दांव, धामी के काम काज से हरदा नाखुश

तैयारी:भाजपा के 65 पार के जवाब में कांग्रेस का 45 पार का दांव, धामी के काम काज से हरदा नाखुश
Spread the love

 

हल्द्वानी(आरएनएस)।  भाजपा के 65 पार के चुनावी लक्ष्य के जवाब में कांग्रेस ने उत्तराखंड में 45 पार का नारा बुलंद कर दिया है। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने सोमवार को फॉर्चुन होटल में पत्रकार वार्ता में दावा किया कि प्रदेश की जनता बदलाव का मन बना चुकी है। मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने अपनी दावेदारी से किनारा करते हुए कहा कि कांग्रेस में उनसे भी खूबसूरत और कई सक्षम चेहरे हैं। मुख्यमंत्री का फैसला राहुल गांधी और पार्टी हाईकमान करेंगे। आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा के 65 पार के नारे के सवाल पर रावत ने कहा कि कांग्रेस 45 पार करेगी और पूर्णबहुमत से सरकार बनाएगा। बकौल रावत ‘मैं चाहता हूं स्वस्थ लोकतंत्र में विपक्ष का सशक्त होना भी बहुत जरूरी है।’
मुख्यमंत्री चेहरे और चुनावी रणनीति पर रावत का बयान:  
कांग्रेस किसी एक व्यक्ति के बजाय पार्टी के चेहरे पर चुनाव लड़ेगी। प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल चुनाव में सेनापति की भूमिका निभाएंगे। मुख्यमंत्री का निर्णय चुनाव जीतने के बाद विधायक दल और हाईकमान करेंगे। नए चेहरों को मौका देने की जरूरत बताते हुए उन्होंने संन्यास के सवाल पर चुटकी ली कि वह ऐसे संन्यासी हैं, जो चलते रहते हैं, कभी रुकते नहीं और न थकते हैं। चुनाव कहां से लड़ेंगे, इस पर बोले कि अब उनके दिल की डोर किसी और के हाथ में है। इससे पूर्व हरीश रावत ने कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी की पुस्तक ‘बिलांगिंग : ए जर्नी ऑफ लव’ पर चर्चा करते हुए जमकर तारीफ की। साथ ही इसकी प्रतियां सभी पत्रकारों को भेंट की। इस मौके पर विधायक सुमित हृदयेश, जिलाध्यक्ष राहुल छिमवाल, महानगर अध्यक्ष गोविंद बिष्ट, ललित जोशी, खजान पांडे, भोला भट्ट, केदार पलड़िया, प्रयाग भट्ट, हरीश रावत आदि मौजूद रहे।
धामी सरकार के कामकाज पर कसा तंज:
मुख्यमंत्री धामी के पांच साल के कामकाज पर नंबर देने के सवाल पर रावत ने कहा कि कॉपी में कुछ लिखा हो, तभी तो नंबर दूं। उन्होंने महिला अपराध, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार को लेकर सरकार के खिलाफ मुद्दावार अभियान चलाने की घोषणा की। कहा कि न्याय यात्रा को जनता का अच्छा समर्थन मिला है। अब कार्यकर्ता बैठक अभियान के तहत जनता के बीच जाकर स्थानीय समस्याएं सुनेंगे। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी भी जल्द उत्तराखंड का दौरा करेंगे।
हरीश धामी के मामले में सरकार को घेरा:  
धारचूला विधायक हरीश धामी का गनर बदले जाने और उनकी सुरक्षा को लेकर रावत ने सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने इसे विधायक के सम्मान और जनता के प्रतिनिधित्व से जुड़ा गंभीर मामला बताया। कहा कि कभी-कभी जनप्रतिनिधियों की नाराजगी सामने आती है, ऐसे मामलों में मुकदमा दर्ज करने के बजाय संवाद से समाधान निकालना चाहिए। कांग्रेस पूरी मजबूती से हरीश धामी के साथ खड़ी है।

Parvatanchal