एक्शन: सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस हुई अलर्ट,अब पीछे बैठने वाली सवारी को भी पहनना होगा हेलमेट
जनपदभर में चलाया गया विशेष जागरूकता एवं चेकिंग अभियान, आईएसआई मार्क हेलमेट पहनने और उसकी स्ट्रैप लॉक रखने की दी गई हिदायत
टिहरी। सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि पर अंकुश लगाने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए टिहरी पुलिस ने सड़क सुरक्षा को लेकर अभियान तेज कर दिया है। यातायात निदेशालय उत्तराखंड के निर्देश पर जनपदभर में विशेष हेलमेट जागरूकता एवं प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत दोपहिया वाहन चालकों के साथ-साथ पीछे बैठकर यात्रा करने वाली सवारी के लिए भी हेलमेट पहनना अनिवार्य होने के प्रति लोगों को जागरूक किया जा रहा है। अभियान के दौरान जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने प्रमुख चौराहों, तिराहों, बाजारों और विभिन्न मार्गों पर वाहन चेकिंग की। इस दौरान दोपहिया वाहन चालकों और उनके पीछे बैठने वाली सवारियों को हेलमेट के महत्व की जानकारी दी गई। पुलिसकर्मियों ने लोगों को समझाया कि सड़क दुर्घटना के दौरान सिर में लगने वाली चोट जानलेवा साबित हो सकती है। ऐसे में हेलमेट जीवन की रक्षा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। पुलिस ने वाहन चालकों को बताया कि दोपहिया वाहन पर सफर करते समय केवल चालक ही नहीं, बल्कि पीछे बैठने वाले व्यक्ति को भी गुणवत्तापूर्ण और आईएसआई मार्क हेलमेट पहनना चाहिए। साथ ही हेलमेट की पट्टी (स्ट्रैप) को सही तरीके से लॉक करना भी जरूरी है, ताकि दुर्घटना के दौरान हेलमेट सिर से न उतरे। इस दौरान आमजन से अपील की गई कि यातायात नियमों का पालन केवल पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए नहीं, बल्कि स्वयं और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए करें। सड़क पर की गई छोटी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्रीमती श्वेता चौबे के निर्देशन में पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि दोपहिया वाहन पर यात्रा करते समय चालक और पीछे बैठने वाली सवारी, दोनों हेलमेट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें। आईएसआई मार्क हेलमेट पहनें, उसकी स्ट्रैप लॉक रखें और यातायात नियमों का पालन कर स्वयं के साथ दूसरों की सुरक्षा भी सुनिश्चित करें।

