ब्रेकिंग न्यूज: बेकाबू होकर भागीरथी नदी में समाई इनोवा, चार की मौत, दो महिलाएं लापता

ब्रेकिंग न्यूज: बेकाबू होकर भागीरथी नदी में समाई इनोवा, चार की मौत, दो महिलाएं लापता
Spread the love
उत्तरकाशी। उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। भटवाड़ी तहसील के अंतर्गत गंगनानी के पास गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक इनोवा कार अनियंत्रित होकर भागीरथी नदी में जा गिरी। हादसे के समय वाहन में चालक समेत कुल सात लोग सवार थे। जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र से प्राप्त सूचना के अनुसार, दुर्घटना में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद से दो महिलाएं लापता हैं, जिनकी तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है।
जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र उत्तरकाशी की ओर से जारी रिपोर्ट के मुताबिक, गुरुवार सुबह करीब सात बजे वाहन संख्या UK-08-TN-6040 गंगनानी के पास दुर्घटनाग्रस्त होकर भागीरथी नदी में गिर गया। सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ, 108 एंबुलेंस की मेडिकल टीम, राजस्व विभाग और एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
रेस्क्यू टीम ने नदी से चार लोगों के शव बरामद किए हैं। मृतकों में गुजरात के सूरत शहर के कटारगाम निवासी 49 वर्षीय पटेल अशोकबेन, 19 वर्षीय रुतिका अशोकभाई पटेल और 32 वर्षीय घनश्यामभाई सरवलिया शामिल हैं। इनके अलावा वाहन चालक सुरेंद्र सिंह (निवासी हरिद्वार) की भी मौत हो गई है।
हादसे में 17 वर्षीय पटेल वेदांत अशोकभाई घायल हुआ है। उसे नदी से निकालकर सड़क तक पहुंचाया गया। उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हेलीकॉप्टर के माध्यम से उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किए जाने की कार्रवाई की जा रही है।
वहीं, हादसे के बाद से दो महिलाएं लापता हैं। इनमें 45 वर्षीय पटेल सुवाबेन अशोकभाई और 34 वर्षीय पटेल किरणबेन विशालभाई शामिल हैं। दोनों गुजरात की निवासी बताई गई हैं। रेस्क्यू टीमें नदी और आसपास के क्षेत्र में उनकी तलाश कर रही हैं।
जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार, पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, 108 मेडिकल टीम और राजस्व विभाग की टीमें संयुक्त रूप से अभियान में जुटी हैं। हादसे की सूचना जिलाधिकारी उत्तरकाशी सहित शासन और राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र को भी भेज दी गई है।
हादसे के समय वाहन में कुल सात लोग सवार थे। अब तक चार लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, एक घायल है और दो महिलाएं लापता हैं। दुर्घटना के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है।

Parvatanchal