केदारताल रेस्क्यू अभियान: हेलिकॉप्टर से चार शव मातली लाए गए, चार लापता ट्रैकर्स की तलाश जारी

केदारताल रेस्क्यू अभियान: हेलिकॉप्टर से चार शव मातली लाए गए, चार लापता ट्रैकर्स की तलाश जारी
Spread the love

 

यूपी की दो सगी बहनों के शव बरामद, फंसे होने की खबर मिलने पर तलाश में पहुंचा था भाई

उत्तरकाशी(आरएनएस)। केदारताल ट्रैक पर लापता ट्रैकर्स और सपोर्टिंग स्टाफ की तलाश में एसडीआरएफ उत्तराखंड पुलिस का सर्च एवं रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है। बुधवार को अभियान के दौरान मिले चार शव हेलिकॉप्टर से मातली हेलीपैड पहुंचाए गए। इनमें दो पुरुष और एक महिला शामिल हैं। चारों शव जिला अस्पताल पहुंचाए गए हैं।

केदारताल ट्रैक पर हुए हिमस्खलन के बाद फंसे ट्रैकर्स में उत्तर प्रदेश के लखनऊ गायत्रीपुरम की दो सगी बहनें वर्तिका वर्मा व दीपिका वर्मा भी शामिल थी। दोनों के शव बरामद कर लिए गए हैं। मंगलवार को उनके भाई अतुल वर्मा अपने परिजनों के साथ बहनों को ढूंढने के लिए जिला मुख्यालय पहुंचा था। उन्होंने बताया कि ट्रेकिंग एजेंसी की ओर से उन्हें घटना की जानकारी नहीं दी गई। वह सोशल मीडिया पर खबर देखने के बाद उत्तरकाशी पहुंचे हैं।   अतुल ने बताया कि उनकी बहन वर्तिका वर्मा फ्रीलांसर इन्फल्यूएंसर हैं। साथ ही दीपिका वर्मा एक निजी कंपनी के लिए ग्राफिक्स डिजाइनिंग करती हैं। दोनों बहनों को ट्रैकिंग का शौक था और इससे पूर्व वह नेपाल और भारत के विभिन्न ट्रैक पर सफल ट्रैकिंग कर चुकी थी।   दो माह पूर्व दीपिका व वर्तिका फूलों की घाटी सहित हेमकुंड साहेब की ट्रैकिंग करके लौटी थी। इससे पूर्व एक साल पहले अतुल वर्मा और उनकी दोनों बहनों ने अपने दोनों दोस्तों के साथ उत्तरकाशी के मोरी के केदारकांठा पर सफल ट्रैकिंग की थी। दोनों बहनें नेपाल में भी कई स्थानों पर ट्रैकिंग कर चुकी हैं। वर्मा ने बताया कि दोनों बहनों ने ट्रैकिंग से संबंधित हर सुविधाओं को अपने पास रखा हुआ था। दोनों के सुरक्षित लौटने की उम्मीद के साथ वह उत्तरकाशी पहुंचे थे।

Parvatanchal