हिंसक विवाद: दो गुटों में ईंट-लाठी और डंडों से मारपीट के मामले में तीन लोग गिरफ्तार
हरिद्वार(आरएनएस)। पुराने रानीपुर मोड़ के पास कार को ओवरटेक करने को लेकर दो गुटों में मारपीट हो गई। दोनों पक्षों के युवकों ने एक-दूसरे पर ईंट और लाठी-डंडों से हमला किया। घटना का वीडियो सोमवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया है। पुलिस के अनुसार, रविवार और सोमवार की मध्यरात्रि को पुराने रानीपुर मोड़ के पास कुछ लोग आपस में उलझ कर लड़ाई-झगड़े पर उतारू थे। सूचना पर कार्रवाई करते हुए कोतवाली ज्वालापुर पुलिस ने तीन आरोपियों युवराज (21) और आर्यन (22) दोनों निवासी विष्णु गार्डन कनखल और एकाक्ष (22) निवासी विवेक विहार कॉलोनी ज्वालापुर को मौके से गिरफ्तार किया। घटना का एक वीडियो सोमवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वायरल वीडियो में दोनों गुटों के युवा सड़क पर आपस में ईंट-लाठी और डंडों से मारपीट करते नजर आ रहे हैं। वहीं एसएचओ चंद्रभान सिंह अधिकारी ने बताया कि मामले में आवश्यक कार्रवाई के बाद तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया है। वायरल वीडियो के आधार पर लड़ाई झगड़ा कर रहे अन्य आरोपियों की पहचान के प्रयास जारी हैं।

