बड़ी ख़बर: पिता ‘बीकॉम’, नाम ‘टक्कर मारना’..एमएलसी चुनाव की वोटर लिस्ट में अजब-गजब नाम, ईसी ने मांगी रिपोर्ट
प्रयागराज (आरएनएस)। उत्तर प्रदेश में विधान परिषद की 11 शिक्षक और स्नातक सीटों पर होने वाले मतदान से ठीक पहले वोटर लिस्ट में बेहद अजीबोगरीब और हास्यास्पद नामों के खुलासे से हड़कंप मच गया है। इलाहाबाद-झांसी स्नातक खंड निर्वाचन क्षेत्र की मतदाता सूची में दर्ज ऐसे फर्जी और विचित्र नाम बुधवार देर शाम सोशल मीडिया पर वायरल हो गए, जिसके बाद भारत निर्वाचन आयोग को आधी रात के बाद आनन-फानन में ऐक्शन मोड में आना पड़ा। चुनाव आयोग ने झांसी के मंडलायुक्त, जो इस क्षेत्र के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी हैं, से गुरुवार दोपहर तक पूरे मामले की विस्तृत जांच रिपोर्ट तलब की है।
पिता का नाम ‘मूर्खचंद’ और वोटर ‘टक्कर मारना’, वायरल नामों ने उड़ाए होश
सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही इस मतदाता सूची में कई ऐसे नाम सामने आए हैं जो पहली नजर में ही फर्जीवाड़े और भारी लापरवाही की पोल खोलते हैं। सूची के भाग संख्या 81 के क्रमांक 696 पर वोटर नरेंद्र यादव के पिता का नाम ‘बीकॉम’ दर्ज है। वहीं भाग संख्या 15 में वोटर का नाम ‘मोहम्मद पागल रेहान’, भाग संख्या 189 में ‘मूर्ख काली देवी’, और भाग संख्या 69 में वोटर व पिता दोनों का नाम ‘टक्कर मारना’ लिखा हुआ है। हद तो तब हो गई जब भाग संख्या 72 में वोटर का नाम ‘राम ने यादव को मारा’ और पिता का नाम ‘मूर्ख चंद यादव’ पाया गया, जबकि एक अन्य जगह रवि शर्मा के पिता के नाम के आगे ‘राम ने शर्मा को मारा’ दर्ज था।
आधी रात को जागा निर्वाचन आयोग, झांसी कमिश्नर को दिए जांच के निर्देश
मतदाता सूची में ‘इरफान अली ने कहा’, ‘फैज अब्बास ने कहा’ और ‘खालिद अली ने कहा’ जैसे चौंकाने वाले नाम सामने आने के बाद निर्वाचन आयोग ने देर रात सवा एक बजे अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर बयान जारी किया। आयोग ने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया के जरिए इस गड़बड़ी की जानकारी मिलते ही झांसी के मंडलायुक्त को तत्काल जांच सौंप दी गई है। शुक्रवार को ही मतदान होना है, ऐसे में प्रशासन को महज कुछ घंटों के भीतर पूरी रिपोर्ट सौंपने का कड़ा अल्टीमेटम दिया गया है ताकि मतदान से पहले व्यवस्था दुरुस्त की जा सके।
भाजपा का आरोप: 4 हजार से ज्यादा डुप्लीकेट वोटर, कम उम्र वालों के भी नाम दर्ज
इधर, भारतीय जनता पार्टी ने भी मुख्य निर्वाचन अधिकारी और प्रयागराज के डीएम मनीष कुमार वर्मा को ज्ञापन सौंपकर बोगस व डुप्लीकेट वोटरों को हटाने की मांग की है। भाजपा के चुनाव आयोग सम्पर्क विभाग के प्रदेश संयोजक अखिलेश कुमार अवस्थी और महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता ने दावा किया कि सूची में 4,397 डुप्लीकेट नाम हैं, जिनमें अकेले प्रयागराज में 3,163 मतदाता शामिल हैं। इसके अलावा, स्नातक चुनाव के लिए 24 वर्ष की न्यूनतम आयु सीमा का उल्लंघन करते हुए 2002 के बाद जन्म लेने वाले युवाओं के नाम भी जोड़े गए हैं। डीएम मनीष कुमार वर्मा ने शिकायतों की गहन जांच के आदेश देते हुए स्पष्ट किया है कि मतदान केंद्रों पर ऐसी पुख्ता व्यवस्था रहेगी जिससे कोई भी फर्जी या दोहरा मतदान न कर सके।

