हुनर: दून अस्पताल में जटिल ब्रेन ट्यूमर का सफल ऑपरेशन, महिला को मिली नई जिंदगी
देहरादून(आरएनएस)। राजकीय दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल के चिकित्सकों ने चमोली जिले की 47 वर्षीय महिला के जटिल ब्रेन ट्यूमर का सफल ऑपरेशन कर उसे नई जिंदगी दी। गंभीर हालत में पहुंची महिला का रविवार को आपातकालीन स्थिति में ऑपरेशन किया गया। करीब पांच से छह घंटे चली जटिल सर्जरी के बाद महिला की हालत में तेजी से सुधार हुआ। उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। न्यूरोसर्जरी विभागाध्यक्ष डॉ. डीपी तिवारी और सहायक आचार्य डॉ. अमित कुमार के नेतृत्व में सर्जरी की गई।
ऑपरेशन में एनेस्थीसिया विभाग की डॉ. देवयानी और डॉ. मानसी के साथ ओटी स्टाफ जीवन और प्रीतम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सर्जरी के बाद महिला को वेंटिलेटर से हटाकर दो से तीन दिन तक आईसीयू में चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया। हालत में सुधार होने पर उसे सामान्य वार्ड में शिफ्ट किया गया। पूरी तरह स्वस्थ होने के बाद उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। प्राचार्या प्रो. (डॉ.) गीता जैन ने सफल ऑपरेशन के लिए न्यूरोसर्जरी और एनेस्थीसिया विभाग की टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि पर्वतीय और दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले मरीजों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण विशेषज्ञ चिकित्सा उपलब्ध कराना अस्पताल की प्राथमिकता है। यह सफलता चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों के बेहतर समन्वय और समर्पण का परिणाम है।

