बड़ी ख़बर: टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग मामले में कोटा रेलवे स्टेशन से धरे गए तीनों शूटर

बड़ी ख़बर: टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग मामले में कोटा रेलवे स्टेशन से धरे गए तीनों शूटर
Spread the love

 

ट्रेन के जनरल कोच में सो रहे थे, एक नाबालिग शामिल

कोटा (आरएनएस)। मुंबई के जुहू में बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर ताबड़तोड़ 5 राउंड फायरिंग करने के मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। वारदात को अंजाम देकर भाग रहे तीनों हमलावरों को राजस्थान की कोटा पुलिस ने रेलवे स्टेशन से धर दबोचा। पुलिस ने दो बालिग आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक नाबालिग को हिरासत (डिटेन) में लिया गया है। पकड़े गए आरोपियों में दो हरियाणा के सोनीपत और एक बिहार के बेगूसराय का निवासी है। मुंबई पुलिस की विशेष सूचना पर कोटा सिटी एसपी तेजस्विनी गौतम के नेतृत्व में कोटा पुलिस, जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने सोमवार सुबह यह त्वरित कार्रवाई की। ट्रेन के जनरल कोच में ऊपर की बर्थ पर सो रहे थे बदमाश
मुंबई पुलिस शूटरों की लोकेशन लगातार ट्रैक कर रही थी और इसकी पुख्ता सूचना कोटा पुलिस को दी गई:
जयपुर-पुणे एक्सप्रेस से भागने की फिराक: आरोपी ट्रेन संख्या 12939 (पुणे-जयपुर एक्सप्रेस) के जनरल कोच में अलग-अलग जगहों पर छिपकर सफर कर रहे थे।
प्लेटफॉर्म पर अलर्ट थी फोस:र् सुबह करीब 10:18 बजे जैसे ही ट्रेन कोटा जंक्शन पर पहुंची, पहले से मुस्तैद पुलिस और सुरक्षा बलों ने डिब्बों को घेर लिया। पुलिसकर्मी सीधे अंदर घुसे, जहां तीनों आरोपी जनरल कोच की ऊपरी सीटों पर सोए हुए मिले। तीनों को तुरंत काबू कर स्टेशन से बाहर लाया गया।
मुंबई पुलिस की टीम कोटा पहुंची: इनपुट शेयर करने के बाद यूपी नंबर की गाड़ी से मुंबई पुलिस के पांच आला अधिकारी कोटा पहुंच चुके हैं, जो कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर आरोपियों को रिमांड पर मुंबई ले जाएंगे।
पकड़े गए आरोपियों का प्रोफाइल: एक रैपिडो चालक, दो सोनीपत के
ऋतिक (उम्र 22 साल): मूलत: बिहार के बेगूसराय का निवासी है (पिता: रामू महतो)। फिलहाल वह मुंबई के अंधेरी वेस्ट में उर्दू स्कूल के पास रह रहा था और शहर में रैपिडो बाइक चलाता था।
रेहान (उम्र 18 साल): हरियाणा के सोनीपत स्थित सदर थाना क्षेत्र की ईदगाह कॉलोनी का रहने वाला है (पिता: रशीदुद्दीन अंसारी)।
नाबालिग (उम्र 17 साल): यह भी हरियाणा के सोनीपत जिले का रहने वाला है, जिसे बाल सुधार गृह भेजने की प्रक्रिया की जा रही है
रविवार शाम जुहू में हुआ था जानलेवा हमला
उल्लेखनीय है कि रविवार शाम करीब 7 बजे जब टाइगर श्रॉफ अपनी कार से जुहू के पुष्पा पार्क से गुजर रहे थे, तभी इन हमलावरों ने उनकी गाड़ी पर ताबड़तोड़ 5 राउंड गोलियां बरसा दी थीं:
ड्राइवर और ऑटो चालक घायल: हमले में टाइगर श्रॉफ की गाड़ी के ड्राइवर और पास में खड़े एक ऑटो चालक को गोलियां लगी थीं।
टाइगर को कांच और बारूद से चोट: पुलिस के मुताबिक, अभिनेता को सीधे गोली नहीं लगी, लेकिन खिड़की का कांच टूटने और बारूद के छींटों से उनके बाएं हाथ में चोटें आई थीं। टाइगर खुद अपने घायल ड्राइवर को लेकर अस्पताल पहुंचे थे।
लॉरेंस सिंडिकेट का नाम: हमले की जिम्मेदारी कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने सोशल मीडिया के जरिए ली थी। मुंबई पुलिस अब कोटा से पकड़े गए इन तीनों शूटरों से गिरोह के मास्टरमाइंड, हथियारों के स्रोत और मुंबई में उनकी लॉजिस्टिक्स मदद को लेकर कड़ी पूछताछ करेगी।

Parvatanchal