छापा: ऋषिकेश के होटल में चल रहा था जुए का खेल, पुलिस ने 10 लोगों को किया गिरफ्तार

छापा: ऋषिकेश के होटल में चल रहा था जुए का खेल, पुलिस ने 10 लोगों को किया गिरफ्तार
Spread the love

 

₹2.80 लाख नकद, ताश की चार गड्डियां और 11 मोबाइल बरामद; होटल प्रबंधक पर भी कार्रवाई की तैयारी

ऋषिकेश। ऑपरेशन प्रहार के तहत दून पुलिस ने ऋषिकेश के गुमानीवाला स्थित एक होटल में छापा मारकर कथित तौर पर जुआ खेल रहे 10 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से जुए में दांव पर लगाई जा रही ₹2,80,130 की नकदी, ताश की चार गड्डियां और विभिन्न कंपनियों के 11 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। होटल में जुआ खिलवाने के मामले में प्रबंधक के खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, 17 अक्टूबर को ऋषिकेश पुलिस को गोपनीय सूचना मिली थी कि गुमानीवाला स्थित होटल सदमार्ग परिवार में बड़े स्तर पर अवैध जुआ संचालित किया जा रहा है। सूचना के आधार पर क्षेत्राधिकारी ऋषिकेश के नेतृत्व में पुलिस टीम ने होटल में औचक छापेमारी की। इस दौरान प्रथम तल पर स्थित कमरा नंबर 102 में कथित तौर पर जुआ खेल रहे 10 लोगों को पकड़ा गया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ₹2,80,130 की नकदी और 208 ताश के पत्ते बरामद किए। मामले में कोतवाली ऋषिकेश में मुकदमा संख्या 542/26 के तहत सार्वजनिक जुआ अधिनियम की धारा 3/4 में अभियोग दर्ज किया गया है।

गिरफ्तार आरोपियों में ऋषिकेश के निवासी शामिल

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रविन्द्र (34), अभिषेक (26), मनोज (33), संजय प्रजापति (32), कमल प्रजापति (25), अजय प्रजापति (32), शंकर प्रजापति (28), मोहित (31), ऋषि (45) और सुल्तान सिंह (53) के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के पते ऋषिकेश और आसपास के क्षेत्रों के हैं।

एसएसपी के निर्देश पर कार्रवाई

प्रदेशभर में चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने अधीनस्थ अधिकारियों को अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों को चिह्नित कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। इसी अभियान के तहत ऋषिकेश पुलिस ने यह कार्रवाई की।

छापेमारी करने वाली टीम में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक यशपाल सिंह बिष्ट, वरिष्ठ उपनिरीक्षक नवीन जोशी, उपनिरीक्षक सुमित चौधरी सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

Parvatanchal