कामयाबी: पश्चिम बंगाल बॉर्डर पर पकड़ा गया दो साल से फरार बांग्लादेशी आरोपी, चोरी के मामले में था वांछित

कामयाबी: पश्चिम बंगाल बॉर्डर पर पकड़ा गया दो साल से फरार बांग्लादेशी आरोपी, चोरी के मामले में था वांछित
Spread the love

 

देहरादून। पटेलनगर क्षेत्र में घर का दरवाजा तोड़कर जेवरात चोरी करने के मामले में करीब दो साल से फरार चल रहा बांग्लादेशी नागरिक पश्चिम बंगाल के मालदा में भारत-बांग्लादेश सीमा के पास पकड़ा गया। हिरासत में लिए जाने के बाद दून पुलिस उसे ट्रांजिट रिमांड पर देहरादून ले आई है। आरोपी से पूछताछ के बाद उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा।
इंस्पेक्टर पटेलनगर नरेश राठौर ने बताया कि एक जनवरी 2024 को गुरु रोड, पटेलनगर निवासी मिली ने घर का दरवाजा तोड़कर जेवरात चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने मामले की जांच करते हुए 22 जनवरी 2024 को कानपुर निवासी मुख्य आरोपी गोविंद शुक्ला को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में गोविंद ने खुलासा किया कि उसने अपने साथी मोहम्मद मिर्जानूर रहमान निवासी शिवगंज, जिला चापई नवाबगंज, बांग्लादेश के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था।
पुलिस के मुताबिक, गोविंद की गिरफ्तारी के बाद से मिर्जानूर फरार चल रहा था। उसकी तलाश में लुकआउट सर्कुलर (एलओसी) जारी किया गया था। बीते आठ अक्तूबर को पश्चिम बंगाल के मालदा स्थित मोहदीपुर चेकपोस्ट पर उसे हिरासत में ले लिया गया। सूचना मिलने के बाद दून पुलिस की टीम मालदा पहुंची। एसआई विक्रम सिंह नेगी, हेड कांस्टेबल सुशील और सिपाही विश्वास कुमार की टीम आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर लेकर 15 अक्तूबर को देहरादून पहुंची।
इंस्पेक्टर नरेश राठौर के अनुसार, चोरी कर बेचे गए जेवरात और अन्य सामान से प्राप्त रकम में मिर्जानूर के हिस्से 60 हजार रुपये आए थे। अब पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जुटाएगी। इसके बाद उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा।

Parvatanchal