दुखद हादसा: देवप्रयाग के पास 150 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, महिला समेत दो जनों की मौत

दुखद हादसा: देवप्रयाग के पास 150 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, महिला समेत दो जनों की मौत
Spread the love

 

देवप्रयाग। ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर देवप्रयाग के पास शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। चंडीगढ़ से चमोली जा रही मारुति सुजुकी वैगनआर कार पाली पुलिया के समीप अनियंत्रित होकर करीब 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीमों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान चलाया।
जानकारी के अनुसार, हरियाणा नंबर की कार (HR-68 C 1242) ग्राम पाली स्थित रिवर व्यू कैफे एंड रेस्टोरेंट के पास दुर्घटनाग्रस्त हुई। यह स्थान देवप्रयाग से करीब चार किलोमीटर श्रीनगर की ओर स्थित है। कार सड़क से नीचे नदी किनारे जा गिरी।
हादसे की सूचना मिलने पर एसडीआरएफ की ब्यासी पोस्ट से उपनिरीक्षक सावर सिंह और श्रीनगर टीम से निरीक्षक मंजरी नेगी के नेतृत्व में रेस्क्यू टीमें घटनास्थल के लिए रवाना हुईं। टीमों के पहुंचने से पहले ही जिला पुलिस और स्थानीय लोगों ने तीनों घायलों को खाई से बाहर निकाल लिया था। इसके बाद 108 एंबुलेंस की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया।
दुर्घटना में जान गंवाने वाले दोनों लोगों के शवों को निकालने में एसडीआरएफ की टीम को दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों का सामना करना पड़ा। नदी तक पहुंचने का रास्ता कठिन होने के कारण टीम ने शवों को राफ्ट के जरिए नदी पार कर देवप्रयाग पहुंचाया। इसके बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए शव जिला पुलिस को सौंप दिए गए। हादसे में चमोली जिले के किमखाल निवासी सत्येश्वरी देवी (72) और कार चालक अनिल की मौत हो गई। वहीं, घायलों की पहचान रुद्रप्रयाग जिले के लाडोली निवासी उत्तम सिंह (33), बीना निवासी टीशा रावत (18) और सुनीता देवी (45) के रूप में हुई है। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

 

Parvatanchal