वायरल: भाजपा छोड़ने की चर्चा के बीच रामशरण नौटियाल के कांग्रेस में जाने की अटकलें तेज, आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं

वायरल: भाजपा छोड़ने की चर्चा के बीच रामशरण नौटियाल के कांग्रेस में जाने की अटकलें तेज, आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं
Spread the love

देहरादून। जिला पंचायत देहरादून के पूर्व अध्यक्ष एवं प्रसिद्ध गायक जुबिन नौटियाल के पिता रामशरण नौटियाल के भाजपा से नाता तोड़ने की चर्चाओं ने उत्तराखंड की सियासत में हलचल बढ़ा दी है। इंटरनेट मीडिया पर मंगलवार देर रात से उनके भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल होने की चर्चाएं तेजी से प्रसारित होती रहीं। हालांकि, रामशरण नौटियाल की ओर से अब तक भाजपा छोड़ने या कांग्रेस में शामिल होने को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने भी कहा कि पार्टी को रामशरण नौटियाल की ओर से भाजपा छोड़ने के संबंध में अभी तक कोई सूचना नहीं मिली है। ऐसे में फिलहाल उनके कांग्रेस में जाने की चर्चा को राजनीतिक अटकल के तौर पर ही देखा जा रहा है।
रामशरण नौटियाल वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा के टिकट पर चकराता विधानसभा सीट से चुनाव मैदान में उतरे थे। हालांकि, उन्हें कांग्रेस प्रत्याशी से पराजय का सामना करना पड़ा था। इसके बाद भी वह क्षेत्र की राजनीति में सक्रिय रहे। अब उनके कांग्रेस में जाने की संभावनाओं को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है। राजनीतिक गलियारों में यह भी चर्चा है कि यदि वह भाजपा छोड़कर कांग्रेस का दामन थामते हैं तो आगामी विधानसभा चुनाव में विकासनगर अथवा सहसपुर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने की संभावना बन सकती है। हालांकि, इन संभावनाओं की भी अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। सूत्रों के हवाले से यह चर्चा भी सामने आ रही है कि रामशरण नौटियाल पिछले कुछ समय से भाजपा में स्वयं को असहज महसूस कर रहे थे। इसी वजह से उनके पार्टी छोड़ने की अटकलों को बल मिला है। हालांकि, उनकी व्यक्तिगत राजनीतिक रणनीति अथवा पार्टी छोड़ने के कारणों को लेकर उनकी ओर से कोई सार्वजनिक बयान नहीं आया है। रामशरण नौटियाल से इस संबंध में संपर्क करने के लिए कई प्रयास किए गए, लेकिन मोबाइल फोन पर उनसे संपर्क नहीं हो सका। इसलिए फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि वह वास्तव में भाजपा छोड़ने जा रहे हैं या इंटरनेट मीडिया पर चल रही चर्चाएं महज राजनीतिक अटकलें हैं। समाचार लिखे जाने तक अगला कदम रामशरण नौटियाल के आधिकारिक बयान पर टिका है। यदि उनके कांग्रेस में शामिल होने की पुष्टि होती है, तो यह देहरादून जिले की आगामी विधानसभा राजनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जाएगा।

Parvatanchal