आवाज़: सिडकुल-धनौरी मार्ग की बदहाली पर चढ़ गया लोगों का पारा, सिंचाई विभाग कार्यालय का घेराव कर जताया आक्रोश
हरिद्वार। सिडकुल-धनौरी मार्ग की बदहाल स्थिति को लेकर युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को उत्तराखंड सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता कार्यालय का घेराव कर प्रदर्शन किया। युवा कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष अबरार अली के नेतृत्व में पहुंचे कार्यकर्ताओं ने सड़क की खस्ताहाल स्थिति पर नाराजगी जताते हुए जल्द निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की।
कार्यकर्ताओं का कहना था कि मार्ग पर जगह-जगह गड्ढे होने से राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लंबे समय से सड़क की मरम्मत नहीं होने के कारण दुर्घटना का खतरा भी बना हुआ है। उन्होंने सिंचाई विभाग के अधिकारियों से सड़क निर्माण कार्य में तेजी लाने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान अधिशासी अभियंता खुशवंत सिंह चौहान ने कार्यकर्ताओं को बताया कि सड़क पर गड्ढे भरने का काम शुरू कर दिया गया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि 30 नवंबर तक सड़क निर्माण का कार्य पूरा कर लिया जाएगा।
इस दौरान युवा कांग्रेस प्रदेश संयोजक सोशल मीडिया महबूब अली, इदरीश मंसूरी, तनु वालिया, दानिश, गुलशन्नववर, नौशाद, इमरान अली समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

