सबक: बैरियर पर चढ़कर वीडियो बनाना पड़ा भारी, मसूरी में पुलिस ने हिरासत में लिए नौ युवक
स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों से अभद्रता व झगड़े का आरोप, पुलिस ने की वैधानिक कार्रवाई
मसूरी। पर्यटन नगरी मसूरी में सार्वजनिक स्थान पर हुड़दंग करना नौ युवकों को भारी पड़ गया। अम्बेडकर चौक के पास नगर पालिका के बैरियर पर चढ़कर और बैठकर सड़क के बीच वीडियो बनाने तथा यातायात बाधित करने की सूचना पर पहुंची पुलिस ने नौ युवकों को हिरासत में ले लिया। आरोप है कि स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों के रोकने-टोकने पर युवकों ने उनके साथ गाली-गलौज और झगड़ा किया।
शनिवार को कोतवाली मसूरी पुलिस को सूचना मिली कि हरियाणा समेत अन्य राज्यों से आए कुछ युवक अम्बेडकर चौक के पास सड़क पर हुड़दंग कर रहे हैं। युवक नगर पालिका की ओर से लगाए गए बैरियर के ऊपर चढ़कर वीडियो बना रहे थे, जिससे सार्वजनिक मार्ग पर आवागमन प्रभावित हो रहा था। स्थानीय लोगों ने जब उन्हें ऐसा करने से रोका तो विवाद बढ़ गया।
सूचना मिलते ही कोतवाली मसूरी से पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस के अनुसार, मौके पर कुछ युवक दुकानदारों और राहगीरों के साथ अभद्रता करते हुए लड़ाई-झगड़ा कर रहे थे। इससे मौके पर शांति एवं कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने नौ युवकों को हिरासत में लिया और उनके विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की।
हिरासत में लिए गए युवक
पुलिस के अनुसार हिरासत में लिए गए युवकों में साहिल यादव निवासी गणेश नगर, जयपुर (राजस्थान), अक्षय यादव निवासी रेवाड़ी (हरियाणा), एकांश शर्मा निवासी जीरकपुर, मोहाली (पंजाब), सात्विक निवासी सिवानी, भिवानी, मोहित सांगवान निवासी चरखी दादरी, नितिन निवासी रामपुर, रेवाड़ी, मयंक निवासी राता कलां, महेंद्रगढ़, अक्षय मुखिया निवासी लाडपुर, झज्जर और हर्ष निवासी सुइयावल, भिवानी शामिल हैं। युवकों की उम्र करीब 20 से 24 वर्ष के बीच बताई गई है।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि पर्यटन स्थलों पर सार्वजनिक व्यवस्था बिगाड़ने, मार्ग बाधित करने और स्थानीय लोगों से विवाद करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

