कामयाबी: पुलिस ने दो पिस्टल और 10 कारतूस के साथ दबोचा मुजफ्फरनगर का बदमाश
हरिद्वार(आरएनएस)। कोतवाली नगर पुलिस ने चेकिंग के दौरान दो पिस्टल और 10 जिंदा कारतूस के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से दो मैगजीन, मोबाइल, पर्स और 6700 रुपये भी बरामद हुए। पुलिस ने आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपी को कोर्ट में पेश किया। पुलिस के अनुसार, छह सितंबर को उपनिरीक्षक खेमेंद्र गंगवार, हेड कांस्टेबल प्रदीप पवार और हेड कांस्टेबल गुलशन नेगी चौकी सप्तऋषि से गश्त पर निकले थे। इस दौरान आरटीओ तिराहे से दुधियाबंद बंधा मार्ग होते हुए भूमानंद घाट और चित्रकूट घाट के पास टीम को एक आरोपी पीठ पर बैग लटकाए आता दिखाई दिया। पुलिस को देखकर आरोपी पीछे मुड़कर तेज कदमों से जाने लगा। शक होने पर पुलिस ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। तलाशी में आरोपी के पास नीले रंग के सफारी बैग से दो 32 बोर पिस्टल और मैगजीन बरामद हुईं। दोनों मैगजीन में छह और चार जिंदा कारतूस मिले। कारतूसों के पेंदे पर 32 एचपीएम 25 अंकित था।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम मनोज कुमार 45 वर्ष पुत्र महावीर निवासी ग्राम बुडीना कला थाना तितावी जिला मुजफ्फरनगर उत्तर प्रदेश बताया। आरोपी ने बताया कि वर्ष 2010 में उसके बड़े भाई हरेंद्र उर्फ गुड्डू की हत्या हुई थी। मुकदमे के एक गवाह की भी हत्या कर दी गई थी। तब से वह अपने भाई के हत्या के आरोपियों को ठिकाने लगाने के लिए मौके की तलाश में था। भाई के हत्यारे जेल से बाहर हैं। तो आरोपी हत्या का बदला लेने की तैयारी कर लगा था।
दो बदमाशों का हुआ था एनकाउंटर :
आरोपी मनोज ने बताया कि उसके भाई की हत्या के बाद दो गवाहों की भी हत्या कर दी गई थी। इसके बाद दो बदमाश पुलिस एनकाउंटर में मारे गए थे। जबकि दो अन्य बदमाश को आजीवन कारवास हुआ था। वर्तमान में दोनों आरोपी बदमाश पे रोल पर जेल से बहर आए हुए हैं। आरोपी गैंगवार के चलते अप्रैल 2026 से हरिद्वार में आश्रम की जमीन को लीज पर लेकर होटल का व्यापार कर रहा था। एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह ने बताया कि दोनों पिस्टल के लाइसेंस नहीं मिले। आरोपी ने बताया कि उसने हरिद्वार में गंगा डेरी वाली गली में अवधूत आश्रम में जगह किराए पर ली हुई है। आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया है।

