बड़ी ख़बर: दिल्ली में तीन मंजिला इमारत ढहने से पांच की मौत मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका
नई दिल्ली (आरएनएस)। दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में रविवार दोपहर एक तीन मंजिला इमारत अचानक ढह गई। हादसा मोती बाग स्थित शिव मंदिर के पास हुआ। अब तक पांच लोगों के मारे जाने की सूचना है।इमारत के मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
हादसे की सूचना स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और दमकल विभाग को दी। दमकल विभाग को दोपहर करीब डेढ़ बजे इमारत गिरने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही दमकलकर्मी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गए और राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया।
दमकल विभाग की करीब 12 गाड़ियां मौके पर तैनात हैं। बचाव दल मलबे को सावधानीपूर्वक हटाकर अंदर फंसे लोगों की तलाश कर रहे हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दस लोगों को मलबे से बाहर निकाला जा चुका है। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
दमकल विभाग ने हादसे की गंभीरता को देखते हुए विशेष बचाव दल, भारी मलबा हटाने वाले उपकरण, पानी की बौछार करने वाले वाहन, त्वरित प्रतिक्रिया दल और अन्य आवश्यक संसाधनों को घटनास्थल पर भेजा है।
बचाव अभियान के दौरान दमकलकर्मी मलबे को एक-एक हिस्से में सावधानीपूर्वक हटा रहे हैं, ताकि यदि कोई व्यक्ति मलबे के अंदर फंसा हो तो उसे नुकसान न पहुंचे। बचाव दल लगातार संभावित स्थानों की जांच कर रहा है और मलबे के नीचे दबे लोगों की तलाश की जा रही है।
हादसे की खबर फैलते ही आसपास के इलाकों से बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। भीड़ के कारण राहत एवं बचाव कार्य में किसी तरह की बाधा न हो, इसके लिए पुलिस क्षेत्र में व्यवस्था बनाए रखने में जुटी है।
फिलहाल हादसे में कितने लोग घायल हुए हैं या किसी की मौत हुई है, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। दमकल विभाग और पुलिस की टीमें लगातार बचाव अभियान चला रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि मलबा पूरी तरह हटाए जाने और तलाशी अभियान पूरा होने के बाद ही हादसे में हुए नुकसान की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
इमारत अचानक किन परिस्थितियों में ढही, इसकी भी जांच की जाएगी। फिलहाल प्राथमिकता मलबे में फंसे संभावित लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने की है।

