आक्रोश: कांग्रेसियों ने कोटद्वार में घेरा वन प्रभाग का दफ्तर, वन्यजीवों से सुरक्षा की उठाई मांग

आक्रोश: कांग्रेसियों ने कोटद्वार में घेरा वन प्रभाग का दफ्तर, वन्यजीवों से सुरक्षा की उठाई मांग
Spread the love

कोटद्वार(आरएनएस)।  क्षेत्र में बढ़ते गुलदार एवं अन्य वन्यजीवों की दहशत से निजात नहीं दिलाने पर कांग्रेसियों ने डीएफओ कार्यालय का घेराव किया। सरकार और वन विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। वहीं, डीएफओ को ज्ञापन सौंपकर आम जन की सुरक्षा के लिए तत्काल पुख्ता कदम उठाने की मांग की।जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटी कोटद्वार के बैनर तले जिलाध्यक्ष विकास नेगी एवं महानगर अध्यक्ष मीना बछुवाण के नेतृत्व में बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी जुलूस की शक्ल में लैंसडौन वन प्रभाग कोटद्वार कार्यालय पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने कोटद्वार, लैंसडौन, यमकेश्वर समेत वन क्षेत्रों से सटे आबादी वाले इलाकों में वन्यजीवों के हमलों की बढ़ती घटनाओं पर रोष व्यक्त करते हुए नारेबाजी की और डीएफओ गौरव वर्मा को ज्ञापन सौंपा।ज्ञापन में कहा गया कि कोटड़ीढांग-सनेह से लेकर वन क्षेत्र सिगड्डी तक गुलदार की बढ़ती दहशत से लोग परेशान हैं। क्षेत्रवासियों की सुरक्षा के लिए नियमित गश्त, निगरानी और प्रभावी कदम उठाने की आवश्यकता है। प्रदर्शनकारियों ने प्रभावित क्षेत्र में अतिरिक्त पिंजरों, कैमरा ट्रैप, नियमित गश्त एवं निगरानी की व्यवस्था करने की मांग की।वहीं पूर्व में की तार-बाड़ एवं सुरक्षा दीवार के क्षतिग्रस्त होने से खतरा बढ़ चुका है। कांग्रेसियों ने वन क्षेत्र के समीप स्थित कोटड़ीढांग प्राथमिक विद्यालय, जूनियर हाईस्कूल एवं इंटर कॉलेज की सुरक्षा दीवार की भी तत्काल मरम्मत कराए जाने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने वन्यजीवों के हमलों में मृतकों एवं घायलों के परिजनों को तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने और प्रभावित परिवारों को उचित सहायता देने की मांग भी की गई।प्रदर्शनकारियों में प्रवीन रावत, डॉ. चंद्रमोहन खर्कवाल, शूरवीर सिंह खेतवाल, रुचि कैंत्यूरा, धीरेंद्र सिंह बिष्ट, बृजपाल सिंह नेगी, राजीव कपूर, धर्मेंद्र सिंह रावत, नत्थू सिंह अधिकारी शामिल रहे।
शिवपुर में पुराना हरिद्वार मार्ग पर गुलदार की धमक
इस बीच शिवपुर में पुराना हरिद्वार मार्ग पर गुलदार की दहशत बनी हुई है। लोगों का घरों से निकलना दूभर हो गया है। क्षेत्रवासियों ने वन विभाग के अधिकारियों से वन्यजीवों की दहशत से निजात दिलाने और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम करने की मांग की है।बुधवार रात डिग्री कॉलेज, पुराना हरिद्वार मार्ग से सटे शिवपुर क्षेत्र में गुलदार की सक्रियता देखी गई, जिससे स्थानीय निवासियों में दहशत फैल गई। गुलदार अब तक क्षेत्र के कई लावारिस कुत्तों और पालतू जानवरों को अपना शिकार बना चुके हैं। आबादी के बीच लगातार हो रही गुलदार की आवाजाही से लोग अपने घरों में कैद होने को विवश हैं।
मनमोहन सिंह चौहान, त्रिलोक सिंह रावत, चंद्रपाल कंडारी और रतनपाल कंडारी समेत अन्य लोगों ने वन विभाग से तुरंत हस्तक्षेप करने की मांग की है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में रात्रि गश्त को बढ़ाने, गुलदार को जल्द से जल्द पकड़ने के लिए आबादी क्षेत्र के आसपास पिंजरा लगाने की मांग की।

Parvatanchal