हादसा: बेकाबू होकर सड़क से नीचे जा गिरी कार, युवक की अस्पताल ले जाते हुए मौत
चकराता(आरएनएस)। चकराता तहसील क्षेत्र के दुनुवां गांव के पास बुधवार सुबह सड़क हादसे में 24 वर्षीय युवक की मौत हो गई। साहिया की ओर जा रही कार अनियंत्रित होकर ऊपरी सड़क से नीचे वाली सड़क पर गिरकर पलट गई। गंभीर रूप से घायल युवक को ग्रामीण तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) साहिया ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया गया है कि दुनुवां गांव निवासी जगमोहन (24) पुत्र नानू बुधवार सुबह करीब सात बजे कार से साहिया जा रहा था। गांव से कुछ दूरी पर पहुंचते ही कार अचानक अनियंत्रित हो गई और ऊपरी सड़क से नीचे वाली सड़क पर जा गिरी।हादसे की सूचना मिलते ही विजय सिंह तोमर, प्रेम सिंह तोमर, रितेश, धरमू, सुखिया, संजय और रमेश सहित कई ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए क्षतिग्रस्त कार से जगमोहन को बाहर निकाला और निजी वाहन से तत्काल सीएचसी साहिया पहुंचाया। सीएचसी साहिया में ड्यूटी पर तैनात डॉ. सरिता धारिया ने परीक्षण के बाद जगमोहन को मृत घोषित कर दिया। युवक की असमय मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि दुनुवां गांव सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

