दुखद: सड़क किनारे रेलिंग से टकराकर बाइक सवार दुकानदार की मौत, देर रात को हुआ हादसा
रुद्रपुर(आरएनएस)। झनकईया क्षेत्र में काला पुल के पास सड़क किनारे लगी रेलिंग से टकराकर शनिवार देर रात एक बाइक सवार युवक की मौत हो गई। युवक नगरा तराई का निवासी था और उसकी एल्युमीनियम चौखट और खिड़की बनाने की दुकान थी। बारिश के कारण रात में सड़क पर आवाजाही कम होने से दुर्घटना की जानकारी रविवार सुबह लोगों को मिली। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। नगरा तराई निवासी 25 वर्षीय महेंद्र बोरा पुत्र गोविंद सिंह बोरा की मेलाघाट रोड पर एल्युमीनियम चौखट और खिड़की बनाने की दुकान थी। बताया जा रहा है कि शनिवार को दुकान बंद करने के बाद वह पास में ही किसी रिश्तेदार के घर गया था। वहां से देर रात वह बाइक से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान काला पुल के पास उसकी बाइक सड़क किनारे लगी एल्युमीनियम रेलिंग से टकरा गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क किनारे गिर गया। महेंद्र के गले पर कटने का निशान मिला है। आशंका जताई जा रही है कि रेलिंग से टकराने के दौरान उसके गले में गंभीर चोट आई, जिससे उसकी मौत हो गई। बारिश के कारण रात में किसी को दुर्घटना की जानकारी नहीं हो सकी। रविवार सुबह राहगीरों ने उसे सड़क किनारे पड़ा देखा और परिजनों के साथ झनकईया थाने को सूचना दी। झनकईया थाना प्रभारी देवेंद्र गौरव ने बताया कि यह मार्ग दुर्घटना का मामला है। दुर्घटना कैसे घटी, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस ने रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। महेंद्र दो भाइयों में छोटा था।

